मुरादाबाद : शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई ईद उल-अजहा की नमाज, DM-SSP ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
ईदगाह के साथ अन्य मस्जिदों में भी हुई नमाज, कुर्बानी का सिलसिला जारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। ईद उल अजहा की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न हुई। शहर इमाम सैयद मासूम अली आजाद ने नमाज अदा करवाई। इस दौरान जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और एसएसपी हेमराज मीणा समेत अन्य अधिकारी ईदगाह पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ईदगाह को सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट और सीओ की तैनाती की गई थी। नगर निगम की टीमों को रोड पर मुस्तैद रखा गया।

सोमवार सुबह से ईदगाह में नमाजियों का आना शुरू हो गया था। सुबह 7:30 शहर इमाम सैयद मासूम अली आजाद ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई। नमाज में काफी संख्या में नमाजियों ने हिस्सा लिया ईदगाह परिसर में काफी संख्या में नमाजी पहुंचे। नमाज के बाद डीएम और एसएसपी ने भी गले मिलकर मुबारकबाद दी। इसके अलावा शहर की अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई।
इसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। नायब शहर इमाम मुफ्ती सैय्यद फहद अली ने ईद उल अजहा को अमन और भाईचारे संग मनाने की अपील के साथ ही साफ-सफाई का ख्याल रखने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने ईद उल अजहा खुशी और भाईचारे के संग मनाने की बात कही है। कुर्बानी का सिलसिला सोमवार, मंगलवार और बुधवार को भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: संभल तिराहा पर बनाया गया पुलिस सहायता केंद्र, SSP ने फीता काटकर किया उद्घाटन
