इक्वाडोर में बारिश ने मचाई भारी तबाही, भूस्खलन से आठ लोगों की मौत
क्विटो। इक्वाडोर के मध्य तुंगुरहुआ प्रांत में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में आठ लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारी बारिश के कारण देश भर में नदियां उफान पर हैं। इक्वाडोर में भारी बारिश की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।
इक्वाडोर के राष्ट्रीय जोखिम प्रबंधन सचिवालय ने सोमवार को बताया कि रविवार को भूस्खलन के कारण रिसॉर्ट शहर बानोस डी अगुआ सांता में सड़क मार्ग बंद हो गया और यहां स्थित घरों को नुकसान पहुंचा। इक्वाडोर के परिवहन एवं लोक निर्माण मंत्री रॉबर्टो लुके ने एक्स पर लिखा, “हम राहत प्रयासों में मदद के लिए समन्वय कर रहे हैं और अधिक मशीनरी तैनात कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण तीन पनबिजली संयंत्रों का संचालन भी बाधित हुआ है।
आपको बता दें कि कई दिनों से इक्वाडोर और क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। इस सप्ताह की शुरुआत में एल सल्वाडोर में भूस्खलन में दो बच्चों की मौत हो गई थी। पूरे इक्वाडोर में तूफानों के कारण कीचड़ और बाढ़ का पानी राजमार्गों और पुलों पर जमा हो गया है, जिससे देश को अमेजन के प्रांतों से जोड़ने वाली मुख्य सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
ये भी पढ़ें : चीन के प्रधानमंत्री Li Qiang ने ऑस्ट्रेलिया के साथ मतभेदों का उचित समाधान निकालने पर जताई सहमति
