Farrukhabad Fire: खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से लगी आग...गृहस्थी जलकर खाक, घंटे की मशक्कत के आग पर पाया काबू
फर्रुखाबाद में चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शहर कोतवाली क्षेत्र में चूल्हे पर खाना बनाते समय आग लग गई। जिससे गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। पड़ोसियों ने पानी से आग बुझाना शुरू किया। करीब घंटे भर के मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गृहस्थी जलकर खाक हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के बंगशपुरा कोहना निवासी निवासी सुनीता राजपूत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती है। सोमवार दोपहर घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। इस दौरान चिंगारी भड़की और आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से कमरे में रखे सामान में भी आग लग गई। जिससे तेज लपटें और धुएं का गुब्बार निकलने लगा। सुनीता किसी तरह से घर से बाहर निकल आई।
पड़ोसी मोहम्मद फैसल ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कंट्रोल रूम से सूचना फर्रुखाबाद कोतवाली को दी गई। कुछ ही देर में घोड़ा नखास चौकी इंचार्ज राहुल कुमार और फर्रुखाबाद कोतवाल जयप्रकाश शर्मा भी आ गए।
पड़ोसी यश कुमार, मोहम्मद फैसल, भोले ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग तेज होने की वजह से सामने से पानी नहीं पढ़ पा रहा था। जिसके बाद दीवार को तोड़ आग पर पानी की बौछार की गई। करीब घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
पीड़ित सुनीता ने बताया कि 4 कुंतल गेहूं₹10000 नगदी कपड़ा, रजाई, गद्दा ,चार कुर्सी, कूलर ,पंखा, जेवर आदि सामान जलकर खाक हुआ है। करीब 1 लाख रुपए से अधिक के नुकसान की आशंका है। सूचना पर सांसद पुत्र अमित राजपूत भी पहुंचे और क्षेत्रीय लेखपाल को बुलाकर नुकसान का आकलन के बाद मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
