सीतापुर: छुट्टा मवेशियों के दौड़ाने पर भागी बालिका का तालाब में डूबने से मौत, परिवार में कोहराम
सदरपुर/सीतापुर,अमृत विचार। थाना इलाके में अपने ताऊ को खेत पर नाश्ता देने जा रही बालिका को निराश्रित जानवरों के दौड़ाने पर तालाब में गिरने से डूबकर मौत हो गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। बालिका की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर मजरा हाजीपुर निवासी धनीराम की पुत्री चांदनी देवी (14) सुबह करीब 8:30 बजे अपने ताऊ को खेत पर नाश्ता देने जा रही थी। इसी बीच जब वह रास्ते में गांव के उत्तर मेला मैदान व मंदिर के निकट बने तालाब के पास पहुंची, तभी छुट्टा घूम रहे आवारा पशु ने बालिका को दौड़ा लिया।
इस दौरान बालिका डरकर भागी और गहरे तालाब में जा गिरी, जिससे वह पानी में डूब गयी। तालाब में गहराई होने से डूबने पर बालिका ने शोर मचाया। शोर सुनकर जब तक खेतों से लोग आये और बालिका को ढूंढना शुरू किया तब तक वह गहराई में चली गई। गांव वालों ने जब तालाब में गौर से देखा तो कुछ बाल तैरते दिखे।
इसी आधार पर लोग तालाब में कूद पड़े। खोजबीन के काफी देर बाद बालिका का शव तालाब से निकाला गया। मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। देबियापुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
