शाहजहांपुर: सभासद ने समाप्त किया धरना, डीएम के अश्वासन पर माने...जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। निगोही की सभासद के परिवार सहित छह दिन तक धरना देने के बाद अब प्रशासन ने कार्रवाई की है और जिस जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर सभासद धरना दे रही हैं उसे कुर्क कर दिया है। जिला प्रशासन और पुलिस ने विवाद का हल करने के लिए बीच का रास्ता निकाला है। इसके साथ ही डीएम की ओर से अश्वासन मिलने के बाद सभासद ने धरना समाप्त कर दिया है।

निगोही के मोहल्ला आजादनगर से सभासद संध्या सिंह पत्नी राजेश सिंह ने परिवार के साथ 11 जून को खिरनीबाग रामलीला मैदान में धरना शुरू किया था। सोमवार तक धरने को सात दिन बीत चुके हैं। अब तक संध्या सिंह, उनकी ननद मनीषा सिंह और दो बच्चों की तबीयत बिगड़ चुकी है।

संध्या सिंह व उनका परिवार एक विधायक और उनके कथित निजी सचिव पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगा रहा है। उनका आरोप है कि सत्तापक्ष के विधायक के दबाव में पुलिस और प्रशासन विपक्षियों की बात को ज्यादा तवज्जो देता है। उनका पक्ष सही होने के बाद भी उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि विधायक और उनके कथित निजी सचिव का कहना है कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

सभासद और उनके परिवार की ओर से लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। धरने पर बैठी महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए रविवार शाम सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे थे। हालांकि कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद मामले में सोमवार को नया मोड़ गया।

14 जून का नायब तहसीलदार और इंस्पेक्टर निगोही का एक पत्र सामने आया। जिसमें उस जमीन को कुर्क करने की संस्तुति की गई है, जिसको लेकर संध्या सिंह मय परिवार धरना दे रही हैं और विधायक व उनके कथित निजी सचिव पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगा रही हैं। इसके बाद सोमवार को ही शाम तक खबर आई कि तिलहर एसडीएम अंजली गंगवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमीन को कुर्क करने का आदेश भी कर दिया है। एसडीएम ने कुर्की का आदेश किए जाने की पुष्टि भी कर दी। 

निगोही वाला मामला सिविल प्रकरण है। जोकि 2021 से विचाराधीन चल रहा है। यह प्रकरण हमारे यहां एसडीएम कोर्ट में भी चल रहा है। संध्या सिंह का आरोप था कि विपक्षियों की ओर से दीवार तोड़कर जगह का स्वरूप बदला जा रहा है। इसकी उन्होंने ने कोई सूचना हमको नहीं दी है और न ही शिकायती पत्र दिया है। बस धरना शुरू कर दिया है। शांति व्यवस्था बरकरार रखने को नायब तहसीलदार व एसएचओ की संस्तुति पर जमीन को कुर्क कर दिया गया है। -अंजली गंगवार, एसडीएम तिलहर।

धरनास्थल पर पुनः जाकर सदर इंस्पेक्टर व एलआईयू इंस्पेक्टर के साथ वार्ता की गई है और हालचाल जाना है। एसडीएम तिलहर की ओर से कोई आदेश इस प्रकरण में किया गया है -प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: तीन घरों में आग से सात परिवार तबाह, नगदी सहित 15 लाख का सामान खाक

संबंधित समाचार