Unnao News: टूटी पुलिया दे रही हादसों को दावत...किसानों को खेतों तक पहुंचने में उठानी पड़ रही परेशानी, जिम्मेदार बेखबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में टूटी पुलिया दे रही हादसों को दावत

उन्नाव, अमृत विचार। सफीपुर क्षेत्र के कई गावों को जोड़ने वाले मार्ग पर बनी रसूलाबाद रजबहे की पुलिया पांच वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी हुई है। जिस कारण ग्रामीणों को आने-जाने में दूसरे गावों से होकर जाना पड़ रहा है। पुलिया की मरम्मत व निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक से लेकर उच्चाधिकारियों से कई बार शिकायतें कीं। इसके बाद भी समस्या का समाधान न होने से ग्रामीण परेशान हैं।

तहसील क्षेत्र के गांव अलीगंज के मजरा उदशाह से निकले रसूलाबाद रजबहे पर बनी पुलिया पांच वर्षों से टूटी है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया की मरम्मत कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार से लेकर कई बार उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

अलीगंज गांव से निकले इसी मार्ग से होकर दर्जनों गावों की ओर जाना पड़ता है तथा यह मार्ग लखनऊ बांगरमऊ को जोड़ता है। जिससे इन गावों के लोग अपने थाना क्षेत्र आसीवन पहुंच पाते है। ऐसे में गांव के पास से निकले रजबहे पर बनी पुलिया टूटी हुई है। जिस पर आवागमन के लिए ग्रामीणों ने टूटे विद्युत खंभों को लगा दिया है। जिससे लोग एक-एक कर पैदल चलकर खेत जा पाते हैं।

टूटी पुलिया से निकलने के दौरान आएदिन लोग गिरकर घायल भी हो जाते हैं। परंतु खेतों पर पहुंचना उनकी मजबूरी है। जिससे पुलिया से होकर जाना पड़ता है। अलीगंज गांव निवासी सूघर लाल, पप्पू, सुशील, गुड्डू आदि का कहना है कि टूटी पुलिया की मरम्मत कराने के लिए कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पत्र दिया गया है। इसके बाद भी अभी तक पुलिया का निर्माण नहीं हो सका है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Crime: जल्दी अमीर बनने के लालच में बन बैठे अपराधी...कैब चालक की गला रेतकर की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार