Unnao News: रोडवेज बसों के शीशे खराब...भीषण गर्मी में यात्री परेशान, गर्म हवा खाने को हो रहे मजबूर
रोडवेज बसों के शीशे खराब होने से भीषण गर्मी में यात्री परेशान
उन्नाव, अमृत विचार। शहर स्थित बस स्टैंड पर अवस्थाओं की भरमार होने के साथ ही बसों में भी कई प्रकार की समस्याएं हैं। अधिकांश बसों में खिड़कियों के शीशे खराब और टूटे होने के कारण भीषण गर्मी में यात्रियों को धूप और लू का सामना करना पड़ रहा है।
रोडवेज बसों के किराए में वृद्धि होने के बाद भी लोग सबसे ज्यादा इन्हीं बसों में यात्रा करते हैं। यात्रियों को इनके चालक-परिचालक के साथ ही व्यवस्थाओं पर भी विश्वास है। इसके बाद भी स्थानीय स्तर पर बसों के रखरखाव पर कम ध्यान दिया जा रहा है। जिसकी वजह से बसों के अंदर सफाई न होने के कारण गंदगी फैली रहती है।
गंदगी होने से सवारियों को यात्रा के दौरान कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस समय जिले में गर्मी चरम पर है, दिनभर लू चलती है। लोग घरों व कार्यालयों में बेहाल हो जाते हैं। वहीं जो लोग बाहर जाने के लिए डिपो की बस में सफर करते हैं तो अव्यवस्थाओं के चलते बुरी तरह परेशान हो जाते हैं। नई बसों में तो किसी प्रकार की समस्या नहीं होती, लेकिन कुछ पुरानी बसों में खिड़की पर लगे हुए शीशे खराब हो गए हैं। इस कारण तपती दोपहरी में यात्रा के दौरान गर्म हवा यात्रियों को तपन महसूस कराती हैं।
तमाम यात्रियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एआरम गिरीश चंद्र वर्मा ने बताया डिपो में अधिकांश बसे नई आ चुकी हैं और पुरानी बसों को भी सही कराया गया है। अगर किसी बस के शीशे को लेकर कोई दिक्कत है तो सही कराए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- Unnao News: किसान फसल का बीमा कराकर योजना का ले सकते हैं लाभ...बीमा कराने की अंतिम तारीख ये है
