बाराबंकी के 372 लाभार्थियों को मिलेगी पक्की छत, भूमि पूजन कल
9 करोड़ 30 लाख से बनेंगे पीएम शहरी आवास-तीन किस्तों में दी जाएगी ढाई लाख की रकम
बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत हैदरगढ़ के 372 पात्रों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ मिलने जा रहा है। यहां 9.30 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रधानमंत्री शहरी आवास बनाए जाएंगे। कल 25 जून को हैदरगढ़ कस्बे के ग्राम्यांचल डिग्री कॉलेज के ऑडीटोरियम में होने वाले एक भव्य आयोजन में एक साथ सभी लाभार्थियों के आवास की नींव रखी जाएगी। इसे लेकर नगरीय विकास अभिकरण डूडा ने तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया है।
लोकसभा चुनाव से पहले हैदरगढ़ में जरुरतमंदों को प्रधानमंत्री शहरी आवास दिलाने के लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) भेजी गई थी। जो चुनाव बाद शासन ने मंजूरी दे दी है। 372 आवास बनाए जाने हैं। पात्रों से आधार कार्ड, फोटो, बैंक पासबुक, 14 बिंदुओं का शपथ पत्र, जमीन के दस्तावेज, लाभार्थी का आवेदन फार्म लेकर पात्रों के खाते में प्रथम किस्त के रूप में 50-50 हजार रुपये की किस्त भेजी गई है। कल 25 जून को हैदरगढ़ के ग्राम्यांचल डिग्री कॉलेज के आडीटोरियम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होने वाले भव्य समारोह में एक साथ सभी लाभार्थियों के आवासों का भूूमि पूजन होगा। इसमें जनप्रतिनिधि एक लाभार्थियों के यहां जाकर भूमि पूजन भी करेंगे। वहीं अन्य लाभार्थी भी एक साथ नींव रखेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर लाभार्थियों का आवास स्वीकृत का प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। वहीं जिनका प्रधानमंत्री आवास चुनाव से पहले बन गया था, उन्हें अब चाबी सौंपी जाएगी।इस कार्यक्रम को लेकर डूडा की ओर से तैयारियों को अंतिम रूम दे दिया गया है।
तीन किस्तों में मिलती है ढाई लाख की रकम
शहरी जरूरतमंदों के लिए पीएम आवास योजना है। ऐसे लोगों को पक्का मकान बनवाने के लिए पैसा दिया जाता है, जिनके पास देश में कहीं भी पक्का घर न हो। इनकम टैक्सपेई न हो। तीन लाख से अधिक आय न हो। योजना के तहत लाभार्थी को पहली और तीसरी किस्त के रुप में 50--50 तो दूसरी किस्त पर डेढ़ लाख रुपये की धनराशि दी जाती है। जो सीधे लाभार्थी के खातों में भेजी जाती है। हर किस्त भेजने से पहले जीओ टैग कराया जाता है।
वर्जन-
हैदरगढ़ निकाय के 372 लाभार्थियों को पक्की छत मिलेगी। पहली किस्त के रूप में 50--50 हजार की धनराशि 231 लाभार्थियों को भेजी जा चुकी है शेष की प्रक्रिया में है। यदि कोई किस्त जारी कराने का दावा करता है तो उसके बहकावे में न आएं। यदि कोई आशंका है, तो डूडा कार्यालय में आकर सूचना दें। किसी को भी कोई पैसा देने की जरुर नहीं है। कल इन आवासों के निर्माण से पहले माननीयों की मौजूदगी में भूमि पूजन कराया जाएगा। -सौरभ त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी डूडा।
ये भी पढ़ें -अपात्र नहीं ले सकेंगे वृद्धा पेंशन, घर-घर जाकर सोशल आडिट टीम जुटाएगी ब्यौरा
