अमरोहा : बारिश से भर-भराकर गिरा मकान, मलबे में दबने से तीन भाई-बहन घायल
गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव पथरा की घटना, राजस्व टीम ने किया मौका मुआयना
अमरोहा, अमृत विचार। गांव पथरा में गुरुवार सुबह बारिश से किसान का मकान भरभराकर गिर गया। इससे मलबे में दबने से घर में सो रहे तीन भाई-बहन घायल हो गए। लोगों ने तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस और राजस्व टीम ने मौका मुआयना किया।
यह घटना गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव पथरा की है। यहां विजय सिंह का परिवार रहता है। परिवार में उनकी पत्नी , दो बेटी व एक बेटा है। बुधवार रात घर में विजय सिहं अपने परिवार सहित सोए थे। रात दो बजे तेज बारिश शुरू हो गई। गुरुवार सुबह विजय का मकान बारिश के बीच गिर गया। इसके मलबे में विजय सिंह की पुत्री रेखा (10), अनीता (13) व पुत्र रेशू (10) दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तीनों घायल को बाहर निकाला। एंबुलेंस से तीनों को रहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार किया गया।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधिकारी डॉ. शशांक चौधरी ने बताया कि बच्चों की हालत खतरे से बाहर है और प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
ये भी पढ़ें : अमरोहा: राहुल गांधी ने 15 साल में कांग्रेस को किया बर्बाद- प्रमोद कृष्णम
