अमेठी: भाई ने बहन पर धारदार हथियार से किया हमला, जीजा ने साले को ईट से कूचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी, अमृत विचार। कोतवाली परिसर के बगल बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद में भाई ने अपनी बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पत्नी को बीच सड़क खून से लतपथ तड़पता देख जीजा ने अपना आपा खो दिया और साले के सिर को ईंट से कूंच दिया।

अमेठी कोतवाली परिसर एक छोर पर घंटों खूनी संघर्ष होता रहा, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। काफी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस गम्भीर रूप से घायल युवक को लेकर अमेठी सीएचसी पहुंची, जहां से उसकी स्थिति नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

 गंभीर रूप से घायल बहन का भी इलाज सीएचसी में चल रहा है। जिस समय घटना हुई उस समय मोहल्ले के लोग मौके पर मौजूद रहे, लेकिन बीच बचाव करने का साहस न जुटा सके। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पूरा मामला अमेठी कोतवाली परिसर का है। जहां बुधवार की देर रात्रि परिसर के एक छोर पर सुलभ शौचालय संचालित होता है। इस शौचालय को सूरज नाम का व्यक्ति संचालित करता है, जो अपने पूरे परिवार के साथ शौचालय के ही एक आवास में रहता है। देर रात करीब 11 बजे सूरज की बेटी सीमा अपने पति शेरू के साथ घर पहुंची। जहां किसी बात को लेकर सीमा का अपने भाई सनी से विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सनी ने अपनी बहन पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया। भाई के हमले में सीमा गंभीर रूप से घायल हो गई और बीच सड़क तड़पने लगी। पत्नी को खून से लतपथ तड़पता देख पति शेरू ने अपना आपा खो दिया और साले सनी को छत से किसी तरह घसीटता हुआ नीचे पहुंचा और बीच सड़क उसके सिर को ईंटो से कूंच दिया।

करीब एक घंटे तक बीच सड़क खूनी संघर्ष चलता रहा, लेकिन घटनास्थल से चंद कदम दूर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घटना के दौरान छोटी छोटी बच्चियां बीच बचाव करने की जद्दोजहद करती रही, लेकिन कामयाब न हो सकी। अमेठी थाना प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-सपा सांसद ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर कहा- संसद से सेंगोल हटाकर लगाएं संविधान की कॉपी

संबंधित समाचार