मुरादाबाद: कंप्यूटर सेंटर के पास युवकों ने की फायरिंग, दो गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। कंप्यूटर सेंटर पर चार युवकों ने फायरिंग की। हालांकि इसमें किसी को चोट नहीं लगी है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
छजलैट में कई कंप्यूटर सेंटर एवं कोचिंग सेंटर संचालित हैं। जहां युवक युवतियां सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं। अमरोहा देहात के गांव कैलसा निवासी रोहन कुमार पुत्र महेश सिंह, नवनीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह व दीपक पुत्र सोनू चौधरी निवासी गांव अलीपुरा खालसा, एक अज्ञात युवक एक कंप्यूटर सेंटर में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे आए। गौरव नाम के अज्ञात युवक को पूछने लगे, जो शुक्रवार को कोचिंग सेंटर पर नहीं आया था।
किसी बात को लेकर कोचिंग सेंटर के पास खड़े लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। इनमें से एक युवक ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। गांव भीकनपुर निवासी विश्वजीत, गौरव और गांव सदरपुर निवासी आरिफ ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि हमारी दुकान घटनास्थल के पास है।
तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने गांव कैलसा निवासी रोहन व नवनीत को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक तमंचा, कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस क्षेत्राधिकार कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि कंप्यूटर सेंटर में किसी मामले को लेकर यह घटना हुई है। घटना की विवेचना की जा रही है। अन्य आरोपी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
ये भी पढे़ं- Moradabad News : बुलडोजर से गिराए गोलीबारी कांड के सभी आरोपियों के घर, थाना प्रभारी समेत तीन निलंबित
