बरेली: कभी ट्रांसफॉर्मर खराब...तो कभी लाइन में फाल्ट, मलूकपुर के लोगों का आधी रात को फूटा गुस्सा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किला सब स्टेशन से जुड़े मलूकपुर नाले के आसपास रहने वाले लोग 15 दिन से बिजली संकट झेल रहे हैं। शिकायत के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इससे गुस्साए लोगों ने शुक्रवार देर रात सड़क पर आकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है क्षेत्र में हद से ज्यादा बिजली कटौती हो रही है। मुश्किल से छह से सात घंटे ही सप्लाई मिल पा रही है।

मलूकपुर नाले के पास रहने वाले इरफान में बताया कि कभी ट्रांसफार्मर में खराबी तो कभी लाइन में फाल्ट आ जाता है। इस वजह से आपूर्ति बाधित होती है। कहा कि किला सब स्टेशन पर जाकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक अफसरों ने समस्या का समाधान नहीं किया है। उनका आरोप है कि अधिकारी और कर्मचारी फोन नहीं उठाते हैं। वहां, प्रदर्शन के बाद भी किला सब स्टेशन से कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। देर रात करीब 11 बजे महिला, पुरुष और बच्चे सड़क पर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन कर रहे थे।

हरूनगला में फाल्ट से एक घंटे बाधित रही सप्लाई
फाल्ट के कारण शुक्रवार रात 8 से 9 बजे तक आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान गर्मी में लोग परेशान होते रहे। वहीं, सुभाष नगर और सिविल लाइस के साथ जगतपुर में ट्रिपिंग और कटौती से लोग जूझते रहे।

पोल में 15 दिन से आ रहा था करंट, बच्चा झुलसा
किला इलाके के हुसैन बाग में पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर दस वर्षीय बालक झुलस गया। जबकि सतीपुर इलाके में करंट से गोवंशीय पशु की मौत हो गई। किला सबस्टेशन के हुसैन बाग में एक पोल में 15 दिन से करंट आ रहा था। आसपास के लोगों ने कई बार विभाग से इसकी शिकायत की, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। 

शुक्रवार को दस वर्षीय साजिद पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर झुलस गया। राहगीरों ने किसी तरह से उसे बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। एसडीओ किला भगवान दास ने बताया कि पोल में अर्थिग आ रही थी। अगर शिकायत आती तो उसे ठीक कर दिया जाता। वहीं, सतीपुर इलाके में पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर गोवंशीय पशु की मौत हो गई। सूचना पर वार्ड 40 सहसवानी टोला की पार्षद सरिता रानी कश्यप मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार समस्या बताने के लिए कई बार अफसरों को फोन नहीं, लेकिन नहीं उठा।

सिर्फ बिजली चोरी पकड़ने में लगे कर्मचारी
किला क्षेत्र में इन दिनों अफसर और कर्मचारी बिजली चोरी पकड़ने में लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अफसर सप्लाई की ओर ध्यान नहीं दे रहे है। बिजली समस्या के चलते लोग परेशान है।

मलूकपुर नाले के पास ट्रांसफार्मर में दिक्कत थी, उसे ठीक कर दिया गया है। लोकल फाल्ट की वजह से आपूर्ति बाधित हो गई थी। इस वजह से लोगों ने हंगामा किया। -भगवान दास, एसडीओ किला

ये भी पढे़ं- बरेली: पहली बार कब बिकी जमीन और अब तक कितने हुए बैनामे?, गैंगवार के बाद रजिस्ट्री विभाग ने जुटाया ब्योरा

 

संबंधित समाचार