अमरनाथ यात्रा 2024: जम्मू आधार शिविर से 6,600 से अधिक तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था रवाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जम्मू। दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित गुफा मंदिर के लिए जम्मू में भगवती नगर आधार शिविर से 6,619 तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था रवाना हुआ। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 52 दिन की वार्षिक अमरनाथ यात्रा के पहले दिन, करीब 14,000 तीर्थयात्रियों ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन किए। यह यात्रा अनतंनाग में पहलगाम और गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग से शुरू हुई। 

रविवार तड़के तीन बजकर 50 मिनट और चार बजकर 45 मिनट के बीच दो समूहों में तीसरा जत्था 319 वाहनों पर सवार होकर निकला। तीसरे जत्थे में 1,141 महिलाएं भी हैं। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों के कश्मीर के लिए रवाना होने के समय जम्मू में बारिश हो रही थी। उन्होंने बताया कि 3,838 तीर्थयात्रियों ने पहलगाम मार्ग और 2,781 तीर्थयात्रियों ने बालटाल मार्ग से यात्रा करने का विकल्प चुना है। 

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 28 जून को पहले जत्थे को रवाना किया था और तब से कुल 13,103 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। यह तीर्थयात्रा 19 अगस्त को संपन्न होगी। पिछले साल 4.5 लाख श्रद्धालुओं ने बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन किए थे। 

ये भी पढ़ें- Amarnath Yatra 2024: तीर्थयात्रियों का पहला जत्था बालटाल, नुनवान आधार शिविर से रवाना

संबंधित समाचार