अमरोहा: तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ा, झोपड़ियां डूबीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला/अमरोहा, अमृत विचार। पहाड़ों पर लगातार बारिश होने से तिगरी गंगा का जलस्तर 0.40 सेंटीमीटर बढ़ गया है। नदी के किनारों पर पुरोहितों की झोपड़ियां पानी में डूब गई हैं। खादर क्षेत्र के लोगों को चिंता सताने लगी है। 

नदी में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ खंड के अधिकारियों ने गंगा किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने को कहा है। अभी और गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। प्रशासन बाढ़ जैसे हालातों से निपटने की तैयारियां पूरी होने का दावा कर रहा है।

बताया गया कि रविवार सुबह तिगरी गंगा का जलस्तर बढ़ने से हलचल तेज हो गई। मानसून के चलते लगातार पहाड़ों पर भारी वर्षा हो रही है। ऐसे में फिर जलस्तर बढ़ने से बाढ़ खंड विभाग ने गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों को अलर्ट कर दिया है। गंगा के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। 

दरअसल, पिछले तीन दिनों तक तिगरी की गंगा सामान्य रूप से बह रही थी। लेकिन हरिद्वार में बाढ़ आने से हरिद्वार बैराज से पानी छोड़ने के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ गया। इससे गंगा घाटों पर स्थित पुरोहितों की झोपड़ियों में पानी भर गया। तख्त पानी में बहने लगे। खादर क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि अभी तक स्थिति सामान्य है। 

बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष कुमार ने बताया कि बिजनौर बैराज से 20 हजार क्यूसेक पानी तिगरी की गंगा में छोड़ा गया है। बीते दिनों गंगा का जलस्तर 198.40 सेमी दर्ज किया गया था, जो रविवार को बढ़कर 198.80 सेंटीमीटर हो गया है।

ये भी पढे़ं- अमरोहा: मूकबधिर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, रिपोर्ट दर्ज

 

संबंधित समाचार