Hamirpur: दुकानदार के बेटे ने खुद को मारी गोली...मौत, प्रेम प्रसंग के फर्जी मामले में फंसाने के आरोप से आहत होकर उठाया कदम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में दुकानदार के बेटे ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली

हमीरपुर, अमृत विचार। सुमेरपुर कस्बे में नेहा चौराहा के निकट सोमवार सुबह युवक ने प्रेम-प्रसंग के मामले में फर्जी मुकदमे की धमकी से परेशान होकर तमंचा से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

सुमेरपुर कस्बे में नेहा चौराहा के पास बांकी मार्ग पर रजवा सोनी की बेकरी एंड कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान है। इस दुकान में रजवा के साथ उसका इकलौता बेटा मोंटी (26) भी चलाता था। सुबह करीब 10 बजे मोंटी प्रतिदिन की तरह दुकान खोलकर बैठा। जबकि परिवार के लोग दुकान के पीछे मकान में मौजूद थे। 

करीब 10:30 बजे उसने तमंचा से सिर में गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुन घर से पिता रजवा सोनी, पत्नी कलावती दौड़कर दुकान में आए तो देखा मोंटी लहुलुहान हालत में काउंटर के नीचे पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। 

इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बताया शनिवार को कस्बे के तीन लोगों ने पुत्री से प्रेम प्रसंग का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की थी और उसकी बाइक छीनकर थाने में खड़ी करा दी थी। उन्होंने उसे छेड़खानी जैसे मामले में फंसाने की धमकी दी थी। 

इसी से आहत होकर उसके इकलौते बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार का कहना है  तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Hamirpur Accident: लोडर बैक करते दीवार किनारे खडे़ युवक की दबकर मौत...परिजन रो-रोकर बेहाल

संबंधित समाचार