Kannauj में 50 हजार के इनामी डाकू दो साथियों के साथ गिरफ्तार: इत्र कारोबारी के घर में 1 करोड़ की डाली थी डकैती...चल रहे थे वांछित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में इनामी डाकू दो साथियों के साथ गिरफ्तार

कन्नौज, अमृत विचार। एसटीएफ टीम कानपुर व सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50,000 रुपये का इनामिया फरार शातिर डकैत को दो अन्य गिरोह के साथियों के साथ गिरफ्तार करने का पुलिस ने दावा किया है। डकैतों के पास से पुलिस ने नकदी व शस्त्र बरामद किये हैं। एसपी ने पुलिस कार्यालय में खुलासा किया है।

एसपी अमित कुमार आनन्द ने जानकारी देते हुए बताया कि सदर कोतवाली के मोहल्ला युसुफपुर भगवान मकरंदनगर निवासी इत्र कारोबारी विमलेश चन्द्र तिवारी उर्फ विम्मू पुत्र शिवसनेही तिवारी के मकान में 28 जून 2023 की रात अज्ञात डकैतों ने घर में घुसकर परिजनों को बंधक बनाकर सोने चांदी के जेवरात तथा 7 लाख 30 हजार रुपया की नकदी व लाइसेंसी रिवाल्वर, लाखों रुपये के जेवरात लूट लिये थे। 

डकैती में 29 जून 2023 को सदर कोतवाली में आठ अज्ञात डकैतों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उक्त घटना को अंजाम देने वाले डकैत अखिलेश जोशी, सुल्तान मोंगिया, मनोज उर्फ मनोहर पारदी, जादव, दाताराम उर्फ दादाराम को पुलिस ने 09 जुलाई 2023 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 

जांच के दौरान प्रकाश में आए वांछित डकैत विक्की पारदी पुत्र रूप सिंह पारदी निवासी ग्राम माधवगढ़ थाना कचनार जनपद अशोक नगर मध्य प्रदेश, सूरज पारदी पुत्र अनारद पारदी निवासी ग्राम सेवड़ा थाना सुभाषपुरा जनपद शिवपुरी मध्यप्रदेश, कैलास पारदी पुत्र सुखदेव निवासी ग्राम मुण्डरा थाना पिपरई जनपद अशोक नगर मध्य प्रदेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दविस दे रही थी पर डकैत फरार हो जा रहे थे। डकैती में वांछित डकैत विक्की पारदी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। 

गोपनीय सूचना पर थाना कन्नौज व एसटीएफ टीम कानपुर ने सोमवार की रात्रि में विक्की पारदी व दो अन्य सदस्य विरोजा उर्फ करन पारदी पुत्र श्याम निवासी आईटीआई के पास थाना सीपरी बाजार जनपद झांसी, मनोज उर्फ मनोहर पारदी पुत्र रूप सिंह पारदी निवासी ग्राम माधवगढ़ थाना कचनार जनपद अशोक नगर मध्य प्रदेश को डकैती की योजना बनाते समय जसौली अंडरपास के नीचे से देर रात नौ बजे गिरफ्तार किया गया। डकैतों के पास से पुलिस व एसटीएफ ने दो तमंचा 315 बोर, दो अदद पहचान पत्र, लोहे का सब्बल, एक प्लास, एक गुलेल, व 2,030 रुपये बरामद किये हैं।

व्यापारी के घर चोरी करने के इरादे से आये थे डकैत

एसपी ने बताया कि पकड़े गये डकैतों ने पूछताछ में बताया कि पांच बदमाश विरोजा उर्फ करन पारदी, मनोज उर्फ मनोहर पारदी पुत्रगण रूप सिंह पारदी, विक्की पारदी पुत्र रूप सिंह पारदी, सूरज पारदी पुत्र अनारद पारदी, कैलास पारदी पुत्र सुखदेव कन्नौज में व्यापारी के घर में चोरी करने के लिये आये थे। घर की रेकी यह डकैत पहले कर चुके थे। रात में बैठकर चोरी करने की तैयारी कर रहे थे कि गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को देख सूरज पारदी व कैलाश पारदी मौके से फरार हो गये। 

गिरफ्तार डकैतों पर यह है अपराधिक मामले दर्ज

- डकैत विक्की पारदी पर लढवा कुरुक्षेत्र हरियाणा, भीखीबिन्ड तरणतारण पंजाब, थाना सिटी रायकोट लुधियाना पंजाब व तीन मुकदमें थाना कोतवाली कन्नौज में दर्ज हैं। 
- डकैत मनोज उर्फ मनोहर पारदी पर थाना अशोक नगर जनपद अशोक नगर मध्य प्रदेश, थाना कचनार जनपद अशोक नगर मध्य प्रदेश, थाना कोतवाली कन्नौज जनपद कन्नौज में चार मुकदमे दर्ज हैं।
- डकैत विरोजा उर्फ करन पारदी पर धारा 310(4) / 310(5) / 109 बी0एन0एस0 2023 थाना कोतवाली कन्नौज में दर्ज किया गया है।

डकैतों को गिरफ्तारी करने वाली टीम 

कन्नौज सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा, दरोगा अजब सिंह,  दरोगा शेखर सैनी, हेड कांस्टेबल  मोहम्मद नदीम, सिपाही अतुल यादव, सिपाही अवनीश कुमार के अलावा एसटीएफ कानपुर के दरोगा राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार ने डकैतों को पकड़ा।

ये भी पढ़ें- Kanpur Bikru Kand: बिकरू कांड के चार साल पूरे; विकास दुबे गैंग ने खेली थी खून की होली, सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी हुए थे शहीद

संबंधित समाचार