बरेली: सात दिन में 86 शस्त्र लाइसेंस निलंबित, आठ निरस्त करने की संस्तुति
बरेली, अमृत विचार। नियम विरुद्ध शस्त्रों का प्रदर्शन करना लाइसेंसधारकों को महंगा साबित हो रहा है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस भी सख्ती बरत रही है। पिछले सात दिनों में पुलिस ने शस्त्र अनुज्ञा के विरुद्ध कार्य करने वाले 86 शस्त्रों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आठ शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने …
बरेली, अमृत विचार। नियम विरुद्ध शस्त्रों का प्रदर्शन करना लाइसेंसधारकों को महंगा साबित हो रहा है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस भी सख्ती बरत रही है। पिछले सात दिनों में पुलिस ने शस्त्र अनुज्ञा के विरुद्ध कार्य करने वाले 86 शस्त्रों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आठ शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट कलेक्ट्रेट के शस्त्र अनुभाग भेजी है।
रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से भेजी गयी। यहां से पुलिस रिपोर्ट को संलग्न करते हुए लाइसेंस निरस्त करने की फाइल जिलाधिकारी के पास भेजी जायेगी। शस्त्र निरस्त करने के मामले में अंतिम निर्णय जिलाधिकारी लेंगे। कलेक्ट्रेट भेजी गयी रिपोर्ट के अनुसार 83 वाद शस्त्र निरस्तीकरण के दर्ज किये गये हैं। इन मामलों में सुनवाई होना अभी बाकी है। इसके साथ जनपद के थानों में 56 असलाह जमा कराये गये हैं।
रिपोर्ट में बताया गया कि 17 अक्टूबर से लेकर 23 अक्टूबर तक जनपद के थानों की पुलिस ने कार्रवाई की है। रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 49023 शस्त्र मौजूद हैं। इसमें सर्वाधिक शस्त्र फरीदपुर तहसील क्षेत्र में हैं। पिछले सालों में शादी समारोह, जन्मदिन पार्टी समेत अन्य कार्यक्रमों में शस्त्रों के प्रदर्शन के दौरान जनपद समेत राज्य के कई जनपदों में हादसे हुये हैं। बरेली में पूर्व में कई लोगों की जान गयी तो कुछ घायल भी हुये थे। शस्त्रों के खुलेआम प्रदर्शन पर हाईकोर्ट राज्य सरकार को सख्ती बरतने के निर्देश जारी कर चुका है। सहालग शुरू होने पर शस्त्रों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस भी अलर्ट हो जाती है।
