पीलीभीत: नाइलिट के प्रशिक्षण केंद्र से तराई के युवाओं का भविष्य संवारने की तैयारी, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने शुरू किए प्रयास, जगह भी की गई चिन्हित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद भाजपा के पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद अब जल्द ही युवाओं को सौगात देने की तैयारी कर चुके हैं। छात्र-छात्राओं के भविष्य को बेहतर और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। इसके तहत नाइलिट (नेशनल इंस्टीट्यूट आफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी) का प्रशिक्ष्ण केंद्र स्थापित कराया जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित करते हुए आगामी रूपरेखा बनाई जा रही है। सब कुछ ठीक चलता रहा तो जल्द ही युवाओं को सहुलियत मुहैया हो सकेगी।

लोकसभा चुनाव 2024 पीलीभीत के लिए बदलाव भरा रहा।  भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने भारी मतों से जीत दर्ज की। पीलीभीत से सांसद चुने गए जितिन प्रसाद को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिली। वह केंद्रीय राज्यमंत्री इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिक तथा वाणिज्य एवं उद्योग बनाए गए।

इसी के साथ विकास को गति मिलने की तराई वासियों की उम्मीद और बढ़ गई। जीत के बाद पीलीभीत दौरे पर आए केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद भी जनपद को विकसित करने की बात करते दिखाई दे रहे हैं। वह इसे लेकर खासा संजीदा भी हैं। इसकी शुरुआत युवाओं से की जा रही है। स्थानीय युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए उनकी ओर से प्लानिंग कर ली गई है। जिसके तहत शहर में नाइलिट का प्रशिक्षण केंद्र बनवाया जाएगा।

शहर के ही ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में सात हजार स्क्वायर फिट जमीन है। इसमें प्रशिक्षण केंद्र बनवाने का प्लान तैयार किया जा रहा है। जिसको अमली जामा पहनाने के लिए कार्यवाही की शुरुआत कर दी गई है। इसमें नाइलिट के तहत कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।

बता दें कि केंद्र व राज्य सरकार की नौकरी के लिए अब सीसीसी और ओ- लेवल सर्टिफिकेट होना आवश्यक कर दिया गया है। इसके बनने के बाद सीसीसी व ओ-लेवल कोर्स के लिए छात्र-छात्राओं को भटकना नहीं पड़ेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों को नाइलिट द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा जिससे रोजगार में वरीयता मिलेगी।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: स्वर्ग सिधार गए जनपद के 2950 बुजुर्ग पेंशन धारक, सत्यापन में हुआ खुलासा...शासन को भेजी रिपोर्ट

संबंधित समाचार