बरेली: शाही हत्याकांड...एसपी देहात सभी घटना स्थल का एक बार फिर कर रहे निरीक्षण
अनीता हत्याकांड में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही पुलिस
बरेली, अमृत विचार: शाही और शीशगढ़ क्षेत्र में महिलाओं की हो रही सिलसिलेवार हत्याओं के खुलासे के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रमित शर्मा की सात टीमें लगातार काम कर रही हैं। दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मानुष पारीक अभी तक क्षेत्र में हुई महिलाओं की हत्या को लेकर सभी घटना स्थल पर जाकर एक पहलु पर खुद जांच कर रहे हैं, ताकि पता चल सके कि सभी महिलाओं की हत्या किस उद्देश्य से की गई है।
शाही के गांव हौसपुर निवासी सोमपाल की पत्नी अनीता देवी (45) की मंगलवार शाम गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। अनीता का शव शाही-शेरगढ़ मार्ग पर बुझिया नहर के पास गन्ने के खेत में मिला था। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले को इससे पहले शाही-शीशगढ़ क्षेत्र में हुईं नौ महिलाओं की हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। अपर पुलिस महानिदेशक ने खुद आईजी डॉ. राकेश सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मानुष पारीक शनिवार को पुलिस फोर्स के साथ सभी घटना स्थलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने हत्या वाले दिन अनीता देवी किस रास्ते से गई हैं। उस रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली। जिसमें अनीता रोड किनारे सेवाज्वालापुर गांव के एक मंदिर में जाती दिखाई दे रही हैं। उसके बाद वह ई रिक्शा से बैठकर निकलती हैं। उनके पीछे जाने वाले सभी लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उन सभी से भी पूछताछ की जाएगी। जिससे हत्यारोपी की पहचान कर गिरफ्तार किया जा सके।
अभी तक उस क्षेत्र में हुई महिलाओं की हत्या वाले घटना स्थल पर जाकर जानकारी जुटाई गई है। साथ ही अनीता जिस रास्ते से गई थी, उस रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई है। जल्द हत्यारोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा-मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी
ये भी पढ़ें- बरेली गोलीकांड : राजीव राणा के भाई गौरीशंकर ने हाईकोर्ट में लगाई जमानत अर्जी
