पंजाब: नहर के पानी के बंटवारे के विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग, 4 लोगों की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। पंजाब के गुरदासपुर जिले में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार रात बटाला के श्री हरगोबिंदपुर के लिघांवाला चौक पर हुई। दोनों पक्षों में कुल 13 लोग थे और सभी विठवान गांव के रहने वाले हैं।

एसएसपी अश्विनी गोटयाल ने बताया कि गोलीबारी में दोनों समूहों के दो-दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान बलराज सिंह, शमशेर सिंह, बलजीत सिंह और निर्मल सिंह के तौर पर हुई है। जबकि घटना में आठ लोग घायल हुए हैं और उन्हें अमृतसर के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक सभी घायल खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान कई राउंड गोलियां चलाई गईं और मौके से 30 कारतूस और खोखें मिले हैं।

एसएसपी ने बताया कि एक समूह का नेतृत्व मेजर सिंह कर रहा था जबकि दूसरे गुट का अंग्रेज सिंह। उन्होंने बताया कि दोनों समूहों के बीच नहर के पानी के बंटवारे को लेकर विवाद था। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की रविवार रात को झड़प हो गई। एसएसपी ने बताया कि एक समूह में कुल नौ लोग थे जबकि दूसरे समूह में चार लोग थे। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा। एसएसपी ने बताया कि थाना प्रभारी के वाहन पर भी एक गोली लगी है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। 

संबंधित समाचार