लखीमपुर खीरी: बंधुआ मजदूरी करने से मना किया तो दबंगों ने थाने में युवक को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। बंधुआ मजदूरी करने से मना करने पर कुछ लोगों ने पुलिस के सामने ही नेत्रहीन पिता के बेटे की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित को ही हवालात में रात भर बंद रखा। उसकी मां और बहन के साथ भी मारपीट की गई। सोमवार को पीड़ित ने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। 

थाना ईसानगर के गांव चमारन पुरवा, लोकाही निवासी रामदल ने बताया कि वह दूसरी जगह मजदूरी कर रहा था। विपक्षी उस पर बंधुआ मजदूरी करने का दबाव बना रहे थे। उसने उनकी बात नहीं मानी। इस पर आरोपियों ने पुलिस का सहारा लिया। इसके बाद 30 जून शाम करीब छह दरोगा सुनील तिवारी दो सिपाहियों के साथ उसके घर आए और गाली गलौज करते हुए उसे थाने ले गए। जहां पर विपक्षी संतोष आदि भी मौजूद थे।

उसने दरोगा के सामने भी बंधुआ मजदूरी करने से मना कर दिया। इस पर संतोष ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर दरोगा के सामने जमकर पिटाई कर दी। लेकिन उल्टे दरोगा ने उसे ही हवालात में बंद कर दिया और रात में जमकर पिटाई की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। सुबह कुछ लोगों के आने पर उसे छोड़ा गया। वह दो दिन तक जिला अस्पताल में भर्ती रहा। मेडिकल जांच में उसके शरीर पर कई चोटें मिली हैं।

पीड़ित ने बताया है कि उसकी बहन और मां को भी पीटा गया है। आरोपी दो बार पहले भी उसकी पिटाई कर चुके हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों का ही साथ दे रही है। एसपी गणेश प्रसाद ने पीड़ित पक्ष को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

संबंधित समाचार