बरेली: महिलाओं की सिलसिलेवार हत्या...थाना क्षेत्र में 52 जगहों पर लगाए जाएंगे CCTV कैमरे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शाही क्षेत्र में महिलाओं की हो रही सिलसिलेवार हत्याओं को रोकने के लिए पुलिस ने एक बार फिर से 52 संदिग्ध स्थानों को चिह्नित किया है। इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पिछले साल भी कई महिलाओं की हत्या के बाद पुलिस ने लोगों के सहयोग से 609 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।

शाही के गांव हौसपुर निवासी अनीता देवी (45) की मंगलवार शाम गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। अनीता का शव शाही-शेरगढ़ मार्ग पर बुझिया नहर के पास गन्ने के खेत में मिला था। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले को इससे पहले शाही-शीशगढ़ क्षेत्र में हुईं नौ महिलाओं की हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।

अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा खुद आईजी डॉ. राकेश सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मानुष पारीक के आदेश पर शाही थाना प्रभारी, दरोगा समेत ग्राम प्रधानों ने सड़कों से लेकर गलियों को जोड़ने वाले 52 संदिग्ध स्थानों को चिह्नित किया है।

जिसमें से छह सीसीटीवी कैमरे लगा भी दिए गए। पुलिस लोगों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जागरूक कर रही है। पुलिस के अनुसार जिन संदिग्ध स्थानों को चिह्नित किया गया है, वह मुख्य मार्गों से गांव में जाने वाली रास्तों और सुनसान इलाके हैं।

मंदिर से टुकटुक पर बैठकर निकलीं अनीता
वहीं पुलिस नीता देवी हत्या वाले दिन किस रास्ते से गई थीं, उस रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी लगातार खंगाल रही है। अब तक अनीता रोड किनारे ज्ज्वालापुर गांव के एक मंदिर में जाती दिखाई दे रही हैं। उसके बाद वह टुकटुक से बैठ कर निकलती हैं। पुलिस ने उनके पीछे जाने वाले तीन लोगों को चिह्नित भी किया है। जिनका पता लगाया जा रहा है।

शाही थाना क्षेत्र में 52 संदिग्ध स्थानों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है। -मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी

संबंधित समाचार