बरेली: ग्राम पंचायतों से जुड़ी शिकायतों की पत्रावली दबाने में फंसा बाबू, निलंबित करने का आदेश
बरेली, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों से जुड़ी शिकायतों की पत्रावली दबाने के मामले में डीपीआरओ कार्यालय में तैनात एक बाबू फंस गया है। सीडीओ ने डीपीआरओ को पत्र लिखकर कनिष्ठ सहायक दीपक सक्सेना को निलंबित करने का आदेश दिया है।
आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत राजूपुर के कदीर अहमद, अजय प्रताप, ऊषा देवी, कमलेश कुमारी, जहीर अहमद ने गांव के प्रधान ओमपाल की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। डीएम ने मामले की जांच के लिए दो सितंबर को जांच कमेटी का गठन किया था। उसके बाद जांच कमेटी ने 21 अक्टूबर को जांच रिपोर्ट सौंप दी, लेकिन कनिष्ठ सहायक दीपक सक्सेना ने आठ माह बाद भी रिपोर्ट को आगे नहीं बढ़ाया।
मामले में सीडीओ जग प्रवेश की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इससे पहले भी कनिष्ठ सहायक की ओर से शिकायतों की पत्रावलियों को लंबित रखने के मामले सामने आ चुके थे। इससे फरियादियों की समस्या का समय से समाधान नहीं हो पाने से विभाग की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने डीपीआरओ को संबंधित कनिष्ठ सहायक को निलंबित के निर्देश दिए हैं।
