बदायूं: कोर्ट का आदेश भी नहीं मानती कुंवरगांव थाना पुलिस! दुष्कर्म पीड़िता काट रही चक्कर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। दो युवकों ने जनवरी महीने में घर में सो रही महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और तमंचे के बल पर दोनों ने महिला से दुष्कर्म किया। शिकायत करने के बाद भी कुंवरगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता कोर्ट की शरण में पहुंची। जहां कोर्ट ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। जबकि महिला थाने के चक्कर लगाकर परेशान है।

थाना कुंवरगांव क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने फरवरी में कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि वह एक जनवरी 2024 को अपने घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान गांव निवासी युवक और कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव बरसुआ निवासी उसका रिश्तेदार तमंचे लेकर उसके घर में घुस आए और महिला के ऊपर तमंचा तान कर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।

आरोप है कि इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया। जबकि मुंह में कपड़ा ठुंसा होने की वजह से वह शोर नहीं मचा सकी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने किसी से भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद पीड़िता ने थाने जाकर पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते मजबूर होकर महिला कोर्ट की शरण में गई। 13 मई को कोर्ट ने पुलिस को 15 दिन के भीतर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसके बाद भी पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। जबकि पीड़िता पुलिस के चक्कर लगा रही है। थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बताया कि महिला थाने नहीं आई है। मामले की जानकारी भी नहीं है। मामला पता करके रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।

संबंधित समाचार