फतेहपुर में काल बनकर गिरी आकाशीय बिजली...चार की मौत...तीन झुलसे, घटना के बाद से परिजन बेहाल
फतेहपुर में आकाशीय बिजली गिरने से चार की मौत
फतेहपुर, अमृत विचार। मलवां थानाक्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। दो अलग-अलग स्थान में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मलवां थाना क्षेत्र के कुरस्तीकला गांव में बारिश होने के बाद गांव में धान लगाने का काम तेजी पर है। गुरुवार सुबह गांव के आधा दर्जन लोग खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे। तभी करीब 11 बजे के आसपास आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में गांव की गोमती, कुसुम और राजकुमारी हैं। वहीं गंभीर रूप से झुलसे गांव के सूरज पुत्र शिवराजपाल, शिवांशी पुत्री छोटा पाल और राम श्री पत्नी छोटा पाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इसी तरह थाना क्षेत्र के ही बरमतपुर गांव के रहने वाले विमल की पुत्री शिखा देवी गुरुवार की सुबह बारिश के दौरान नीम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थी। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि पेड़ के नीचे बंदे एक बकरी और एक पड़वा भी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा रहा। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
