Kanpur: संदिग्ध परिस्थितियों मे अधेड़ की मौत; पुलिस ने अन्तिम संस्कार रुकवाया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कानपुर, अमृत विचार। बिल्हौर- ककवन थाना क्षेत्र के कुरेह गांव मे एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत हो गई। हालांकि पुलिस को बगैर जानकारी दिए परिजन अन्तिम संस्कार के लिए गंगा घाट पहुंच गए। लेकिन ग्रामीणों से सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अन्तिम संस्कार से रोक दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए कानपुर के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह के मुताबिक कुरेह गांव का निवासी संतोष (50) पुत्र धनीराम शराब का लती था। कुछ समय पहले ही पंजाब से लौटे संतोष ने गुरूवार को गांव के बाहर पत्नी को बुरी तरह पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मौके पर पहुंचे पुत्र राज (16) ने अपनी मां को मामा की मदद से पिता की पिटाई से बचाया और अस्पताल लेकर गया।
वहीं शराब के नशे मे पड़े संतोष को गांव वालों ने घर में जाकर छोड़ दिया। सुबह पिता धनीराम द्वारा देखे जाने पर संतोष को मृत पाया गया। जिसके बाद बेटे और पिता के साथ अन्य परिवारिक जन संतोष का अन्तिम संस्कार करने के लिए नानामऊ घाट के लिए ले जाने लगे।
इधर किसी ग्रामीण ने डायल 112 को हत्या की सूचना दी, जिसपर हरकत मे आयी। पुलिस फोर्स ने आनन-फानन में अऩ्तिम संस्कार को रोक दिया और शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रभारी निरिक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं प्राप्त ही है लेकिन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
