बरेली: गोलीकांड में शामिल पांच आरोपियों के निरस्त होंगे शस्त्र लाइसेंस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी को भेजी रिपोर्ट

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र के पीलीभीत बाइपास पर करोड़ों रुपये के प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुए गोलीकांड में शामिल दोनों पक्षों के पांच लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त होंगे। इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार को रिपोर्ट भेज दी है। पांच आरोपियों के परिजनों के पास छह शस्त्र लाइसेंस हैं।

पीलीभीत बाईपास पर प्लॉट पर कब्जे के लिए 22 जून को दोनों पक्षों के बीच सौ राउंड से ज्यादा गोलियां चली थीं। इस मामले में एक पक्ष राजीव राणा और दूसरा पक्ष आदित्य उपाध्याय का था। आरोपी आदित्य के भाई के आकाश के पास दोनाली बंदूक है, जबकि सुभाष लोधी के पिता सोमपाल पर दोनाली बंदूक, शिवओम के पिता अनिल के पास पिस्टल और राइफल, मोहम्मद हुसैन उर्फ गोला के चाचा जफर के पास बंदूक और राजीव राणा के भाई हरिओम के पास राइफल है। इन सभी के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए इज्जतनगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट सौंपी थी। 

जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। ऐसे में सभी का शस्त्र लाइसेंस जल्द ही निरस्त कर दिए जाएंगे। उधर गोलीकांड मामले में खुफिया विभाग ने भी अपनी रिपोर्ट शासन और मुख्यालय को भेजी थी। अब खुफिया विभाग ने गोलीकांड में अब तक हुई कार्रवाई की भी रिपोर्ट भेजी है। इज्जतनगर थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि पांच आरोपियों के पास छह शस्त्र लाइसेंस हैं। जिसे निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।

ये भी पढ़ें- बरेली कॉलेज: बीकॉम ऑनर्स, बीबीए और बीसीए की पहली मेरिट जारी

संबंधित समाचार