लखीमपुर खीरी: छेड़छाड़ से परेशान किशोरी ने खाया जहरीला पदार्थ, तहसीलदार के ड्राइवर सहित 6 पर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पिता ने तहसीलदार के ड्राइवर और अन्य पांच पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे गोला सीएचसी लाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लड़की के पिता ने गांव के ही निवासी तहसीलदार के ड्राइवर समेत पांच अन्य युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। साथ ही बताया कि उसने मामले की कोतवाली से लेकर एसपी और डीएम से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता के पिता ने बताया कि सभी आरोपी पड़ोसी हैं और अक्सर शराब पीकर गाली गलौज करते हैं। साथ ही रंजिश मानते हैं। 2 जून को अलीगंज से वापस आते समय अलीगंज रोड पर जमुनाबाद फार्म के पास आरोपियों ने लड़की के पिता के साथ मारपीट की थी। आरोपियों द्वारा छेड़छाड़ से परेशान होकर लड़की की पढ़ाई भी छूट गई है। उससे पूर्व 25 मई कोई स्कूल जाते समय लड़की को उठा ले जाने के भी धमकी दी गई थी।

शनिवार को लड़की एडमिशन के लिए जिद कर रही थी, लेकिन स्थिति को देखते हुए पिता ने एडमिशन कराने से मना कर दिया था। छेड़छाड़ से परेशान और कार्रवाई न होने से हताश किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सूचना पर गोला सीएचसी पहुंचे सीओ अजेंद्र यादव ने लड़की के माता-पिता से मामले की जानकारी की और कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। लड़की को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। हालत में सुधार होने पर लड़की के बयान लिए जाएंगे। अभी तहरीर नहीं मिली है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। -अजेंद्र यादव, सीओ

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: पशुओं की देखभाल करने गई महिला से युवक ने किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज 

संबंधित समाचार