Unnao: 800 सौ से अधिक संकुल शिक्षकों ने दिया सामूहिक इस्तीफा...लंबित मांगे पूरी कराने को परिषदीय शिक्षक कर रहे है डिजिटलाइजेशन का विरोध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में 800 सौ अधिक संकुल शिक्षकों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

उन्नाव, अमृत विचार। परिषदीय शिक्षकों ने लंबित मांगों को पूरा न किए जाने तक डिजिटलाइजेशन का विरोध जारी है। लगातार दूसरे दिन भी गैर शैक्षणिक कार्य न करने को लेकर कई ब्लाकों के संकुल शिक्षकों ने सामूहिक इस्तीफे देने का क्रम जारी रखा और लगभग 800 शिक्षकों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया। वहीं जिले की डिजिटल उपस्थिति शून्य रही। 

शिक्षक पिछले शिक्षा सत्र से ही डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराए जाने का विरोध कर रहे हैं। डीजी स्कूल शिक्षा ने बीते आठ जून से टैबलेट के माध्यम से सुबह स्कूल संचालन और शिक्षण कार्य पूर्ण होने पर स्कूल बंद करते समय ऑनलाइन उपस्थिति उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे, लेकिन जिले के परिषदीय शिक्षक अब तक एक भी दिन उपस्थिति न दर्ज कराने का दावा कर रहे हैं। यही नहीं वह अधिकारियों पर दूसरी पाली की फर्जी उपस्थिति दिखाने का आरोप भी मढ़ रहे हैं। 

शुक्रवार को तीन ब्लाक क्षेत्रों के बाद शनिवार को नवाबगंज, मियागंज, सिकंदरपुर सरोसी, सफीपुर, हिलौली, फतेहपुर चौरासी, असोहा, पुरवा, गंजमुरादाबाद व हसनगंज आदि ब्लाक क्षेत्रों के शंकुल शिक्षकों ने क्षेत्र के बीईओ को अपने पद से सामूहिक इस्तीफे सौंपे। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ब्रजेश पांडेय ने दावा किया कि शनिवार को भी जिले की ऑनलाइन उपस्थिति शून्य रही। 

साथ ही आरोप लगाया कि पोर्टल की सेटिंग के माध्यम से अधिकारी दूसरी पाली में नाममात्र की उपस्थिति दर्शा कर अपनी पीठ थपथपाने का काम कर रहे हैं। अलग-अलग ब्लाकों में शंकुल शिक्षकों के सामूहिक इस्तीफे के दौरान ब्लाक इकाइयों के शिक्षकों व पदाधिकारियों में गजेंद्र वर्मा, मदन पांडेय, संजय सिंह, सूर्यकांत यादव, आनंद सिंह, अभिषेक मिश्रा, प्रदीप, विक्रम सिंह, विकास सिंह व सत्य प्रकाश द्विवेदी सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- Unnao News: खुशी-खुशी में दोस्त ने पिलाई शराब...नशे में चूर होकर दूल्हे ने खो दिया सुध, बिन दुल्हन लौटी बारात

संबंधित समाचार