बरेली: भ्रष्ट और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई, 15 दिन में 14 पुलिसकर्मी निलंबित
बरेली, अमृत विचार। जिले के भ्रष्ट और लापरवाह पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पिछले 15 दिनों में तीन दरोगा समेत 14 पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों पर भी जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रेमनगर क्षेत्र में गोली मारकर हत्या की कोशिश के आरोपी को बचाने और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेजने के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने थाना बहेड़ी के भुड़िया चौकी इंचार्ज विक्रांत आर्य को निलंबित करते हुए विभागीय जांच का आदेश दिया था।
इसके अलावा सुभाषनगर थाने के दरोगा विनय कुमार, मुख्य आरक्षी शाहिद अली और मुख्य आरक्षी ऋषिपाल को निलंबित किया गया था। तीनों पर आरोप था कि हाफिजंगज क्षेत्र में ड्यूटी छोड़कर अपनी गाड़ी से पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहुंचे थे। इसके अलावा एक से छह माह तक अनुपस्थित रहने वाले टीएसआई वीरपाल सिंह समेत 10 पुलिस कर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
किला थाने में तैनात सिपाही प्रियोम सिंह, पुलिस लाइन में तैनात अमित सक्सेना, अक्षय कुमार, सिपाही सचिन तोमर, मुख्य आरक्षी दिवेश कुमार, सिपाही चन्द्रदत्त, कैंट थाने में तैनात महिला सिपाही मीरा देवी, भोजीपुरा थाने में तैनात रणधीर सिंह लगातार गैरहाजिर चल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर सभी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
