छत्तीसगढ़: मुंबई जाने की जिद कर रहा था बेटा, मना करने पर फावड़े से की पिता की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के कुररोग गांव में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। हत्या की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बगीचा थाना पुलिस के मुताबिक, मृतक के पड़ोस में रहने वाले उसके भतीजे फागुना राम सिंह नागवंशी ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार को उसे अपने ताऊ ठाकुर राम सिंह नागवंशी के आंगन में लड़ाई-झगड़ा करने का आवाज सुनाई दी। जब उसने उनके घर जाकर देखा तो ठाकुर राम का शव खून से लथपथ हालत में घर के आंगन में पड़ा हुआ था। जब उसने ठाकुर राम के बेटे और उसके भाई संजय से घटना के बारे में पूछा तो उसने खुद पिता की हत्या की बात कबूल की। इस दौरान आरोपी पूरी तरह से नशे में धुत्त था।

बताया जा रहा है कि संजय अपने पिता ठाकुर राम से मुम्बई जाने के लिए जिद कर रहा था, लेकिन ठाकुर राम ने उसे मुम्बई जाने से मना कर दिया। उन्होंने उसे गांव में ही खेती- किसानी करने का नसीहत दी और कहा कि खेती-किसानी के समय में मुंबई-दिल्ली जाने को कहते हो जबकि अभी खेतों में काम बाकी है। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद में हो गया।

वहीं विवाद के बीच संजय ने गुस्से में आकर आव देखा ना ताव और फावड़े से अपने पिता के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उसके पिता ठाकुर राम की मौके पर मौत हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार