उपचुनाव ने बताया, लोगों का भाजपा से हो गया मोहभंग :मोहित
चित्रकूट, अमृत विचार। कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव मोहित पाल का रविवार को गृह जनपद पहुंचने पर कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। टाउन हाल में हुई सभा में मोहित ने कहा कि उपचुनाव ने साबित कर दिया है कि जनता का भाजपा से मोहभंग हो गया है, वह अब धर्म की राजनीति करने वालों के झांसे में नहीं आने वाली।
उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लोग अब धर्म की राजनीति करने वालों के पीछे नहीं भागने वाले, पीएम मोदी का झूठा जादू उतरने लगा हैं, लोग अब राहुल गांधी पर भरोसा जता रहे हैं। अयोध्या, प्रयागराज और चित्रकूट में लोकसभा चुनाव में भाजपा को हार मिली और अब बद्रीनाथ भगवान ने भी इनको सबक सिखाया है। विदेश में डंका बजने का दावा करने वालों से मणिपुर नहीं संभल रहा।
उन्होंने कहा कि पीएम विदेश में बड़ी बड़ी बातें करते हैं और देश में खिलाड़ियों से ज्यादती, हाथरस और मणिपुर के मुद्दों पर मौन रहते हैं। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी जी का बुलडोजर पक्षपात करता है। मात्र एक समुदाय को टारगेट किया जा रहा है। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि संविधान विरोधी लोगों को जनता समझ गई है। लोकसभा चुनाव के बाद कई प्रदेशों में हुए विधानसभा उपचुनाव ने भी यह बात साबित कर दी है कि लोग कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। जिलाध्यक्ष कुशल सिंह पटेल ने कहा कि इंडिया गठबंधन आने वाले समय में प्रदेश में सरकार बनाएगा।
इस मौके पर जितेंद्र पटेल, रंजना पांडेय, ममता पाल, राजनारायण यादव, शिवगुलाम वर्मा, रमादत्त मिश्र, हरिहर सहाय विश्वकर्मा, अवधेश करवरिया, डा. राकेश वर्मा, अरुण गुप्ता, भोला नामदेव आदि मौजूद रहे। संचालन सेवादल जिलाध्यक्ष चुनबाद प्रसाद एडवोकेट ने किया।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज: अभद्र व्यवहार करने पर देवरिया के जिलाधिकारी स्थानांतरित, अधिवक्ताओं ने सीएम योगी को दिया धन्यवाद
