अल्मोड़ा: बुजुर्ग महिला को जान से मारने की कोशिश, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जनपद के लमगड़ा ब्लॉक में 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जान से मारने और गाली गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अब मामले में बुजुर्ग महिला की पुत्री की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जलना निवासी मेहर चंदू ने पुलिस में तहरीर दी है। कहना है कि रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोपी जावेद अख्तर, निवासी पिथौरागढ़ ने उनकी 77 वर्षीय मां अनवीर बेगम के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। इस बीच वो मां को बचाने के लिए गए। लेकिन आरोपी ने उनके और उनके पुत्र सुहेल अंसारी के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। जिसमें उन्हें गंभीर चोट पहुंची हैं।

जगह-जगह चेहरे पर नाखुन के निशान लगा दिए। उनके पुत्र का गला दबाने के भी प्रयास किया। बताया कि आरोपी से बमुश्किल जान बच सकी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का है। जिससे उन्हें और उनके परिवार को खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष राहुल राठी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

संबंधित समाचार