शाहजहांपुर: सदर तहसील में 27 हजार 500 लोग बाढ़ से हुए प्रभावित, प्रशासन ने जारी किए आंकड़े

Amrit Vichar Network
Published By Vivek Sagar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। प्रशासन ने बाढ़ से संबंधित आंकड़े जारी किए हैं। जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि तहसील सदर के अन्तर्गत गर्रा एवं खन्नौत नदी के किनारे स्थित कुछ मकानों में बाढ़ का पानी भरा है। जलमग्न परिवारों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। सभी लोगों के लिए आश्रय स्थल पर रहने के लिए बिस्तर, भोजन और पीने का पानी, दवा आदि वितरित की जा रही है।

वर्तमान में तहसील के 33 गांव व मोहल्ला बाढ़ से प्रभावित हैं। 10 गांवों व मोहल्लों में आबादी प्रभावित है। 13 गांव/मोहल्ला में कृषि प्रभावित है और 10 गांव में आबादी व कृषि दोनों प्रभावित हैं। 20 गांवों में राहत कार्य चलाया जा रहा है। लगभग 27500 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। 11 गांव व मोहल्लों के लोगों को बाढ़ शरणालय में ले जाया गया है। वर्तमान में 40 लोग बाढ़ शरणालय में शरण लिए हैं। सोमवार को किसी को रेस्क्यू नहीं किया गया।

तहसील में 10 बाढ़ शरणालय संचालित हैं। अब तक 3755 सरकारी व 8500 स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से सूखी खाद्य सामग्री, 21420 सरकारी व 8400 स्वयंसेवी संस्थाओं ने फूड पैकेट का वितरण किया है। तहसील में 10 बाढ़ चौकियां बनाई गयी हैं, जिनसे बाढ़ का अनुश्रवण किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से 16 नावें, बचाव कार्य में लगायी गयी हैं। इसके अलावा तहसील में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की 1-1 टीम खोज व बचाव का कार्य कर रही है। जिनके पास 09 मोटर बोट व अन्य बचाव उपकरण हैं।

तहसील में स्वास्थ्य विभाग ने 10 मेडिकल टीम का गठन कर अब तक लगभग 1696 मरीजों का उपचार किया है। इसके अलावा 1700 ओआरएस पैकेट, 3700 क्लोरीन टेबलेट का वितरण भी प्रभावितों को किया गया है। पशुपालन विभाग की ओर से नौ पशु शरणालय बनाये गये हैं, जिसमें अब तक 443 पशुओं का उपचार करते हुए 5055 पशुओं का टीकाकरण किया गया है।

इसी तरह तिलहर तहसील में रामगंगा, बहगुल, गर्रा व कठिना नदी है। वर्तमान में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से कम है। वर्तमान में आबादी प्रभावित नहीं है। ग्राम लोहरगढी संपर्क मार्ग से कट गया है। अब तक लगभग 3950 लंच पैकेट, 3950 पानी पैकेट आदि सामग्री का वितरण किया गया है। 25 बाढ़ चौकियां बनाई गयी हैं, जिनसे बाढ़ का अनुश्रवण किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा 05 नावें बचाव कार्य में लगाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 मेडिकल टीम का गठन कर अब तक लगभग 847 मरीजों को उपचारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त 9635 ओआरएस पैकेट, 7877 क्लोरीन टेबलेट का वितरण भी प्रभावितों को किया गया है। पशुपालन विभाग द्वारा 06 पशु शरणालय बनाये गये हैं, जिसमें अब तक 388 पशुओं का उपचार करते हुए 3701 पशुओं का टीकाकरण किया गया है। तहसील के पास पर्याप्त नावें व बचाव संबंधी आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं। वर्तमान में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नही है। तहसील जलालाबाद के अंतर्गत रामगंगा व बहगुल नदी है।

वर्तमान में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से कम है। तहसील के 19 गांव में जलभराव से कृषि प्रभावित है, आबादी प्रभावित नहीं है। कलान के अंतर्गत गंगा व रामगंगा नदी हैं और खतरे के निशान के नीचे हैं। पुवायां तहसील में भी नदियां खतरे के निशान के नीचे बह रही हैं।

संबंधित समाचार