वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या पर राहुल-प्रियंका ने जताया शोक, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक तथा पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या पर शोक व्यक्त करते हुए इस घटना को निंदनीय बताया है। दोनों नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके पीड़ित परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इसके साथ ही राहुल गांधी और प्रिंयका ने कहा कि इस अपराध के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और सहनी परिवार को न्याय मिलना चाहिए। 

राहुल गांधी ने कहा “विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक, बिहार के पूर्व मंत्री और इंडिया गठबंधन के हमारे साथी मुकेश सहनी जी के पिता जीतन सहनी जी की निर्मम हत्या का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मुकेश जी और उनके समस्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और इस निंदनीय अपराध की कड़ी भर्त्सना करता हूं। बिहार सरकार से अपेक्षा है कि वो तुरंत कार्रवाई कर हत्यारों को कड़ी सज़ा दिलवाएं और सहनी परिवार को न्याय दिलाएं।”

प्रियंका गांधी ने कहा “विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी जी के पिता श्री जीतन सहनी जी की हत्या की घटना बेहद निंदनीय है। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं मुकेश सहनी जी एवं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। यह खौफनाक घटना दिखाती है कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और इस जंगलराज में कोई भी सुरक्षित नहीं है। दोषियों पर जल्द एवं सख्त से सख्त कार्रवाई हो।”  

यह भी पढ़ें:-पंतनगर हो या रहीम नगर, हर निवासी की सुरक्षा और संतुष्टि हमारी जिम्मेदारी, सीएम योगी से मिलकर खिले प्रभावित परिवारों के चेहरे

संबंधित समाचार