फर्जीवाड़ा: नाबालिग के साथ पेड़ पौधे भी मनरेगा में कर रहे काम!...ऑनलाइन हाजिरी में सामने आया सच
चांदा/ सुलतानपुर, अमृत विचार। विकासखंड प्रतापपुर कमैचा की अलग-अलग गांव पंचायतों में मनरेगा के अन्तर्गत विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। बुधवार को मोहर्रम के दौरान भी विकासखंड प्रतापपुर कमैचा की कुल तेरह पंचायतों के 24 स्थानों पर काम हो रहे हैं। मनरेगा की वेबसाइट पर अपलोड जानकारी के मुताबिक कुल 83 मस्टर रोल पर 712 मजदूरों को रोजगार मिला हुआ है।
सर्वाधिक गलहिता ग्राम पंचायत में कुल 15 मस्टर रोल, राजपुर ग्राम पंचायत में 14 मस्टर रोल, फरमापुर और सेमरी कलां पंचायतों में मात्र एक-एक मस्टर रोल पर मजदूर कार्यरत हैं। मजेदार बात यह है कि बरसात हुई है और ज्यादातर तालाबों में पानी लबालब है, लेकिन कसईपुर, बैंती खुर्द, मुनीपुर ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर की खुदाई हो रही है। यही नहीं गलहिता, राजपुर पंचायतों में तो बंधा भी बनाया जा रहा है। खेतों में बुआई धान की रोपाई जोरों पर है, लेकिन खेतों का समतलीकरण मनरेगा में जारी है। कार्यस्थल पर कार्य करने वाले मजदूर की मनरेगा के तहत नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सॉफ्टवेयर से अटेंडेंस अपलोड की जाने की व्यवस्था है। इसके साथ ही फोटो भी अपलोड किया जाना है।
अपलोड फोटो पर नजर डालें तो मनरेगा की सच्चाई स्वतः प्रमाणित हो जाती है। कसईपुर में मजदूरों की जगह पौधों की फोटो अपलोड की गई है। सेमरी में बच्चों को मनरेगा मजदूर दिखाया गया है। अपलोड होने वाली जानकारियों से पता चलता है कि मनरेगा को लेकर विभाग कितना संजीदा है। बीडीओ पीपी कमैचा देव नायक सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर जांच करेंगे।
वर्जन-
मनरेगा के कार्यों में फर्जीवाड़ा घोर लापरवाही व भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। बीडीओ से जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई कराएंगे। - अनवर शेख, डीसी मनरेगा
ये भी पढ़ें -Muharram 2024: मातमी माहौल के बीच सुपुर्दे खाक हुए ताजिए, कड़ी सुरक्षा में मना मोहर्रम
