Unnao Crime: नहर में मिले किशोरी के शव की हुई पहचान...पिता बोले- मेरी बेटी के साथ अनहोनी हुई, तीन जुलाई से थी लापता
उन्नाव में नहर में मिले किशोरी के शव की पहचान हो गई
उन्नाव, अमृत विचार। आसीवन थानांतर्गत नहर में मिले 17 वर्षीय किशोरी के शव की पहचान देररात परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर की। पिता ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। बॉडी डिकंपोज (खराब) होने की वजह से सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।
इससे बिसरा सुरक्षित किया गया और डीएनए सैंपलिंग भी कराई गई है। किशोरी तीन जुलाई से घर लापता थी और वह गांव के एक युवक से फोन पर बात करती थी।
बता दें कि आसीवन थानाक्षेत्र मियागंज-सफीपुर मार्ग पर सरम्बा गांव के पास से निकली शारदा नहर की आसीवन ब्रांच में एक किशोरी का 15 जुलाई को शव मिला था। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए शोसल मीडिया का सहारा लिया।
जिस पर बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के पिता ने उसकी शिनाख्त करते हुए बताया कि वह तीन जुलाई को ट्रेलर के यहां जाने की बात कह निकली थी। लेकिन घर नहीं पहुंची। चार जुलाई को उन्होंने बेहटा मुजावर पुलिस को सूचना देते हुए गांव के एक युवक रजनीश पर आरोप लगाए थे।
पुलिस की तहकीकात में युवक गांव में मिला इस पर उस पर कर्रवाई नहीं हुई। पिता ने बेटी के साथ अनहोनी होने की आशंका जताई। वहीं चर्चा है कि किशोरी उसी लड़के से बात करती थी। दो जुलाई को रात में उसने 45 मिनिट बात भी की थी।
इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने उसका फोन छीन लिया था। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया लेकिन शव की हालत खराब होने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। इस पर बिसरा सुरक्षित कर डीएनए की सैंपलिंग कराई गई है। बेहटा मुजावर एसओ फूल सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। फिर भी सभी बिंदु पर जांच की जा रही है।
