Mahoba: चोरी की शिकायत करने गए अधिवक्ता से सिपाही ने की थी अभद्रता; नाराज वकीलों ने सड़क की जाम, पुलिस के खिलाफ लगाए नारे
महोबा (कुलपहाड़), अमृत विचार। एक अधिवक्ता के घर में दो दिन पूर्व हुई चोरी के मामले में पीड़ित द्वारा कोतवाली में शिकायत देते समय वहां पर मौजूद एक सिपाही द्वारा अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार करने से नाराज वकीलों ने विरोध प्रदर्शन कर तहसील के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। जिससे आवागमन ठप हो गया। कुलपहाड़ नौगांव मार्ग पर चक्का जाम होने से यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
अभद्रता का आरोप लगाया गया था। दोपहर के समय थाने में अधिवक्ता के साथ अभद्रता की खबर मिलते ही अधिवक्ताओं ने तहसील के बाहर सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। एसएचओ अर्जुन सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर अधिवक्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया।
लेकिन जब बात नहीं बनी, तो उन्होंने फोन पर सीओ से बात कराई। सीओ ने चोरी का मुकदमा लिखने व सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के आश्वासन देने के बाद अधिवक्ताओं ने जाम खोल दिया। लगभग एक घंटे तक लगे इस जाम से दोनों ओर वाहन फंसे रहे।
बता दें कि बीते दिनों कोतवाली के सामने चंद कदम दूरी पर गोविंदनगर में अधिवक्ता अजय विक्रम सिंह के घर पर चोरी हुई थी। जिसकी रिपोर्ट लिखाने पीड़ित कोतवाली में गया था। कोतवाली में मौजूद एक सिपाही अधिवक्ता से अभद्र व्यवहार करने लगा, जिससे अधिवक्ता भड़क गए और जाम लगा दिया। कार्रवाई के आश्वासन के बाद दिन में करीब दो बजे बजे जाम खोला गया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ।
