लखीमपुर खीरी : बिजली मिस्त्री की मौत का मामला...हाईवे जाम करने वाले मृतक के परिजनों और 100 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगाया था जाम

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना खमरिया पुलिस ने खमरिया पंडित निवासी प्रखर का शव रखकर पीलीभीत-बस्ती हाईवे जाम करने वालों पर कानूनी शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने एसआई सुनील बाबू अवस्थी की तहरीर पर मृतक के परिवारीजनों और 80-100 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तमाम ग्रामीण अपने घरों से भूमिगत हो गए हैं। 

बता दें कि दो दिन पहले गांव खमरिया पंडित निवासी प्रखर बिजली ठीक करने गांव के ही मनोज के घर पर गया था, जहां उसकी करंट लगने से मौत हो गई थी। परिवार वालों ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम के बाद प्रखर का शव लेकर घर वापस आ रहे परिजनों ने पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर प्रखर का शव रख दिया था और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे थे। जाम में चार एंबुलेंस भी फंसी रही। 

प्रभारी निरीक्षक मनबोध तिवारी ने बताया कि एसआई सुनील बाबू अवस्थी की तहरीर पर मृतक के परिजनों और 80 से 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 223,126 (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। वहीं, रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलते ही गांव के अधिकतर लोग अपने घरों को छोड़कर भूमिगत हो गए हैं। अब उन्हें गिरफ्तारी का डर सताने लगा है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर ट्रक से टकराई पिकअप, तीन घायल

संबंधित समाचार