Kanpur: बजट को आईआईए से जुड़े उद्यमियों ने कहा दूरगामी बजट, MSME के लिए की गईं इन घोषणाओं को बताया सराहनीय...
कानपुर, अमृत विचार। आम बजट को आईआईए से जुड़े उद्यमियों ने स्वागत योग्य बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट दूरगामी है। बजट में एमएसएमई से जुड़ी घोषणाओं पर उद्यमियों ने खुशी जाहिर की। एमएसएमई के लिए वित्तपोषण, विनियामक और तकनीकी सहायता जैसी घोषणाओं को सराहनीय बताया।
आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य ने एमएसएमई को वित्त पोषण, विनियामक परिवर्तन और प्रौद्योगिकी में समर्थन के लिए की गई घोषणाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी दुनिया में यदि एमएसएमई को इन तीन प्रमुख क्षेत्रों में पर्याप्त समर्थन प्रदान किया जाता है, तो भारतीय एमएसएमई फलने-फूलने लगेंगे।
आईआईए के महासचिव आलोक अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण विकास और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के लिए 2.66 लाख करोड़ रुपये और बुनियादी ढांचे के लिए बड़ा प्रावधान निश्चित रूप से एमएसएमई के लिए अप्रत्यक्ष रूप से मददगार साबित होगा।
उधर, आईआईए के कानपुर चैप्टर अध्यक्ष दिनेश बरासिया ने बजट पर प्रतिक्रिया में कहा कि एमएसएमई को संकट अवधि के दौरान ऋण सहायता आईआईए की लंबे समय से चली आ रही मांग रही है, जिसे इस वर्ष के बजट में पूरा किया गया है। आईआईए महामंत्री कानपुर चैप्टर हर्षल अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि आयकर अधिनियम 1961 की समीक्षा की घोषणा करदाताओं के लाभ के लिए प्रक्रिया को सरल बनाएगी।
आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय जैन ने एमएसएमई की घोषणाओं का स्वागत किया, जिसमें बिना गारंटी के टर्म लोन, मुद्रा लोन की सीमा में वृद्धि, खाद्य विकिरण के लिए एमएसएमई इकाइयां, गुणवत्ता और सुरक्षा परीक्षण और घरेलू उद्योगों के लाभ के लिए सीमा शुल्क में कमी छूट शामिल है। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जय हेमराजानी ने बजट को एमएसएमई के लिए संतोषजनक बताया।
