कासगंज: सपा के कद्दवार नेता के बेटे को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार, दर्ज हैं कई मामले
कासगंज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता एवं एटा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के 25 हजार के ईनामी गैंगस्टर के आरोपी बेटे को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। उसे नोएडा से गिरफ्तार कर एटा पुलिस के सुपुर्द किया गया। जहां उसे अलीगंज कोतवाली में रखा गया। एटा पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा है। आरोपी का पूरा परिवार सपा से गहरा नाता रखता है।
समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र यादव पर कई मामले दर्ज हैं। जुगेंद्र के भाई रामेश्वर यादव अलीगंज से समाजवादी पार्टी के विधायक रह चुके हैं। उनके विरुद्ध भी कई मामले दर्ज हैं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र एवं उनके भाई पूर्व विधायक रामेश्वर यादव अलीगढ़ जेल में बंद है। जुगेंद्र के बेटे पुष्पेंद्र यादव पर भी कई मामले दर्ज हैं और वह गैंगस्टर का आरोपी है। पुलिस ने उस पर पूर्व में 25 हजार का ईनाम घोषित किया था। उसके बाद से वह फरार चल रहा था। एसटीएफ को उसकी तलाश थी।
यूपी एसटीएफ ने बुधवार की देर शाम पुष्पेंद्र को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। इधर जेल में बंद जुगेंद्र और भाई रामेश्वर की भी मुश्किलें बढ़ गईहै। पूर्व में उनकी संपत्ति कुर्क हो चुकी है कई प्रतिष्ठानों पर बुल्डोजर चल चुका है। इधर पुष्पेंद्र को गिरफ्तार करने बाद उसे एटा कोतवाली के अलीगंज पुलिस के हवाले कर दिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुष्पेंद्र की मां रेखा यादव एटा जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।
सपा सुप्रीमो और महासचिव के हैं करीबी
गिरफ्तार किए गए ईनामी अपराधी पुष्पेंद्र के पिता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र यादव दो बार एटा के जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। पुष्पेंद्र के ताऊ रामेश्वर यादव अलीगढ़ विधानसभा से दो बार विधायक रहे हैं। जुगेंद्र करीब डेढ़ साल से एटा जेल में और रामेश्वर करीब दो साल से अलीगढ़ जेल में बंद हैं। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव एवं सपा के महासचिव रामगोपाल यादव से जुगेंद्र के परिवार से करीबी रिश्ता है।
अन्य सदस्यों की अभी तलाश
परिवार के अन्य सदस्यों पर भी कई मामले दर्ज है। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। इन मामलों में जमीनी पर अवैध कब्जा, जानलेवा हमला, दुष्कर्म, लूट जैसे कृत्य शामिल हैं। जुगेंद्र एवं रामेश्वर को पूर्व में भू-माफिया घोषित किया जा चुका है।
कराया गया मेडिकल परीक्षण
यूपी एसटीएफ ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे को गिरफ्तार कर एटा की अलीगंज पुलिस के सुपुर्द किया तो आरोपी पुष्पेंद्र का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। अलीगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उसका परीक्षण हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे न्यायायल में पेश किया गया।
जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र यादव को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 25 हजार रूपये का ईनाम घोषित था। एटा पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया है। जहां से अग्रिम विधिक कार्यवाही हुई है। -धनंजय कुशवाह, एएसपी एटा
