रुद्रपुर: अधिवक्ता गोलीकांड में प्रयुक्त पिस्टल को किया बरामद
रुद्रपुर, अमृत विचार। 27 जून को दिनदहाड़े अधिवक्ता प्रशांत गोलीकांड के शूटर सुलेमान की निशानदेही पर पुलिस ने प्रयुक्त पिस्टल को बरामद कर लिया है। पुलिस ने शूटर को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। जिसके बाद पुलिस ने पिस्टल बरामद की।
बताते चलें कि गदरपुर सुनार गली निवासी अधिवक्ता प्रशांत सिंह पर 27 जून को सरेराह नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर घायल कर दिया था। गोलीकांड की जिम्मेदारी यूके में बैठे सहज विर्क ने ली थी और दूसरे ही दिन अधिवक्ता के दोस्त बगवाड़ा निवासी महफूज से 15 लाख रुपये की फिरौती भी मांगने का प्रकरण भी सामने आया। जिसके बाद गोलीकांड का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय होने लगा। पुलिस ने टीम बनाकर रेकी करने वाले वंश दीप औलख, करनजीत संधू, मंदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।
वहीं अधिवक्ता के शूटर मुराद को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दूसरे शूटर सुलेमान निवासी खजुरिया रामपुर यूपी ने रामपुर की अदालत में आत्मसमर्पण कर लिया था। जिसकी सूचना मिलते ही 25 हजार के ईनामी शूटर को पुलिस टीम ने गुरुवार को आवेदन लगाकर पुलिस रिमांड पर रुद्रपुर लाई और गहनता से पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस ने शूटर सुलेमान की निशानदेही पर गोलीकांड में प्रयुक्त पिस्टल को बरामद कर लिया।
उधर, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि अधिवक्ता गोलीकांड में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां होने के बाद पुलिस की तफ्तीश जारी रहेगी। कारण आशंका है कि सहज विर्क तराई भाबर में फिरौती गैंग बनाने की कोशिश कर रहा था और उसके संपर्क में अभी कुछ लोग और भी हो सकते हैं। ऐसे में तफ्तीश में जिस-जिस व्यक्ति के नाम सामने आते जाएंगे। सभी पर कार्रवाई होती रहेगी।
