बदायूं: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में इस्लामनगर का जवान शहीद, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

साल 2017 में सेना में हुए थे इस्लामनगर क्षेत्र के गांव सभानगर निवासी मोहित राठौर

इस्लामनगर, अमृत विचार। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में शनिवार सुबह में आतंकी हमले में एक पिता का इकलौता बेटा शहीद हो गया। शहादत की खबर घर पहुंची तो सैनिक की पत्नी और पिता बदहवास हो गए। पूरे गांव भर में शोक की लहर दौड़ गई। शहीद मोहित सिंह 2017 में सेना में भर्ती हुए थे। सैनिक की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। गांव में शोक की लहर है। शव बदायूं आने के बाद गांव के पास उनके खेत में अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन ने अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली है। 

इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सभानगर निवासी नत्थू सिंह अपनी 15 बीघा जमीन पर खेती करके परिवार का भरण पोषण करते थे। उनका इकलौता बेटा मोहित सिंह राठौर (28) 57 राष्ट्रीय राइफल यूनिट में तैनात थे। डेढ़ साल पहले उनके शादी बिसौली क्षेत्र के गांव करेंगी निवासी रुचि के साथ हुई थी। जनवरी महीने में छुट्टी पर आए थे। छुट्टी समाप्त होने पर वह 14 फरवरी को वापस चले गए थे। वह दो साल से मदर यूनिट 17 राज राइफल यूनिट में जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात थे। जहां सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि आतंकियों से मुठभेड़ में मोहित सिंह शहीद हो गए। 

WhatsApp Image 2024-07-27 at 20.39.02_2b7d5281

शनिवार सुबह मोहित सिंह की पत्नी रुचि के फोन पर सेना के दिल्ली स्थित हेड क्वार्टर से फोन आया। बताया कि मोहित सिंह के पिता से बात करा दें। पत्नी ने कहा कि वह खेत पर गए हैं कुछ देर में बात करा दूंगी। कुछ देर बाद मोहित सिंह के पिता नत्थू सिंह से बात हुई तो सामने वाले व्यक्ति ने बताया कि आतंकी हमले में मोहित सिंह घायल हो गए हैं। बाकी जानकारी देते रहेंगे। उसके बाद टीवी और मीडिया के माध्यम से मौत की सूचना मिली।

राजस्व विभाग टीम समेत खंड विकास अधिकारी मुनब्बर खान और थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह अंतिम संस्कार की व्यवस्था में लगे हुए है। खाली पड़े खेत को ट्रैक्टर द्वारा जुतवाया गया है। खेत पर जाने के लिए कोई ठीक रास्ता नहीं है। लेखपाल और कानूनगो द्वारा अभिलेखों में देखकर पैमाईश कर नया रास्ता बनाया जा रहा है ताकि अंतिम संस्कार करने में कोई दिक्कत का सामना ना करना पड़े।

WhatsApp Image 2024-07-27 at 20.39.02_d3b9ff38

चाचा से वीडियो कॉल पर की थी बात
इकलौते बेटे के देश पर न्यौछावर होने पर नत्थू सिंह को बेटे पर गर्व है। शहीद मोहित सिंह की तीन बहन रजनी और नीतू की शादी हो चुकी हैं जबकि तीसरी बहन पूजा की शादी होनी थी। मां कलावती के कई साल पहले मौत हो चुकी है। मोहित सिंह ने अपने शुक्रवार रात लगभग 8 बजे अपने चाचा सोनपाल को वीडियो कॉल करके बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह जम्मू कश्मीर में सर्च ऑपरेशन पर निकले हैं। तुम्हारा भतीजा अभी बहुत आगे तक जाएगा। 

दुख की घड़ी में शहीद के परिवार के साथ है भाजपा
जवान की शहादत पर भाजपा के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि कुपवाड़ा में आतंकियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कहा कि मोहित राठौड़ एक साहसी वीर सैनिक थे। उनके निधन से इस्लामनगर क्षेत्र पूरे जिले में शोक की लहर है। दिवंगत वीरआत्मा को प्रभु अपने श्रीचरणों में स्थान और शोक संतृप्त परिजनों को दु:ख सहन करने की असीम शक्ति प्रदान करें। कहा कि भाजपा इस दुख की घड़ी में शहीद सैनिक के परिवारजनों के साथ है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: 'बेटे को मार दिया, सिर और हाथ कटने का जिंदगी भर रहेगा दुख'...बच्चे की हत्या का दूसरे दिन भी खुलासा नहीं

संबंधित समाचार