Kanpur Accident: लोडर ने बाइक में मारी टक्कर...एक की मौत व दूसरा घायल, मृतक पुलिस भर्ती की कर रहा था तैयारी
शिवराजपुर थानाक्षेत्र की घटना, बाइक सवार नहीं लगाए थे हेलमेट
कानपुर, अमृत विचार। शिवराजपुर थानाक्षेत्र के शिवली रोड स्थित मघई निवादा गांव के पास अनियंत्रित तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक उछलकर दूर रोड़ पर जा गिरे।
वहां मौजूद राहगीरों ने घायलों को सीएचसी शिवराजपुर में भर्ती कराया। जहां डाॅक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को क्षेत्र के सुजान विवादा गांव निवासी अभिषेक सिंह उर्फ अरुण 20 वर्ष पुत्र नरेश सिंह व सुरेश पुत्र विक्रम सिंह बाइक से शिवराजपुर कस्बा निजी काम से जा रहे थे। अभी वह मधई तिवादा गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे बाइक सवार दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को शिवराजपुर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर अभिषेक सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सुरेश का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि दो पुत्रों में अभिषेक बड़ा था। जो पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था, बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एसओ सुबोध कुमार ने बताया कि लोडर से भाग रहे एक युवक को हिरासत में लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
