कबूतरबाजी : सर्राफ की दुकान में ग्राहक बनकर आई महिलाओं ने पार की ज्वैलरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं की करतूत कैद, पहचान करने में जुटी पुलिस

अमृत विचार, लखनऊ। बीबीडी थाना अंतर्गत लोनापुर चौराहे के समीप सर्राफ के प्रतिष्ठान में ग्राहक बनाकर एक युवक के साथ आई दो महिलाओं ने गहना पार कर दिया। कुछ देर तक जेवरात देखने के बहाना कर जालसाज प्रतिष्ठान से चंपत हो गए। जेवरात के मिलान करने पर सर्राफ को एक चेन कम मिली। इसके बाद सर्राफ ने प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महिलाओं की करतूत कैद हो गई। इसके बाद सर्राफ ने जालसाजों के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर निवासी किशन वर्मा की लोनापुर चौराहे पर सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान हैं। लिखित शिकायत में सर्राफ ने बताया कि शनिवार को उनके प्रतिष्ठान पर बहन काजल बैठी थी। सुबह 11 बजे प्रतिष्ठान में एक पुरुष के साथ दो महिलाएं ग्राहक बना पहुंची। इसके बाद जालसाज सोने की चेन और अंगूठी दिखाने की बात कहने लगे। पीड़ित ने बताया कि बहन ने जालसाजों को कुछ चेन और अंगूठी दिखाई, तभी एक महिला ने बातों में फंसाकर बहन को उलझाए रखा और दूसरी महिला ने एक चेन पार कर दी।

हालांकि, कुछ देर बात तीनों यह कहते निकले कि उन्हें जेवर पंसद नहीं हैं। तीनों के जाने के बाद काजल ने दिखाए गए जेवरात का मिलाना किया, जिसमे एक सोने की चेन कम मिली। इसके बाद काजल ने उन्हें फौरन सूचना दी। सर्राफ ने बताया कि प्रतिष्ठान पहुंचने पर उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें महिलाओं की करतूत कैद हो गई। इसके बाद सर्राफ ने जालसाजों के खिलाफ बीबीडी थाने में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फुटेज के आधार पर जालसाजों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

यह भी पढ़ें- प्रेमिका से शादी नहीं हुई तो प्रेमी ने नहर में लगाई छलांग, डायरी में लिखी कुछ बातें

संबंधित समाचार