मुरादाबाद: पत्नी का गला रेतने के बाद पति ने खुद की गर्दन काटकर की आत्महत्या; महिला की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
गृह क्लेश के चलते उठाया आत्मघाती कदम
मुरादाबाद (अगवानपुर), अमृत विचार। पति ने पत्नी की गर्दन रेतकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में खुद की गर्दन काटकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार सुबह घरेलू कलह के चलते हुई। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अगवानपुर नगर पंचायत के मोहल्ला तारावाला कुंआ निवासी सलीम अहमद (50) पुत्र छिद्दन खां और उसकी पत्नी नरगिस जहां में काफी समय से विवाद चल रहा था। सलीम की तीन बेटियां हैं, जिसमें दो की शादी हो चुकी है। सलीम तीसरी बेटी की शादी मकान बेचकर करना चाहता था, लेकिन पत्नी मकान बेचने के लिए मना कर रही थी।
इसी को लेकर दोनों में आए दिन विवाद होता रहता था। सोमवार को विवाद इतना बढ़ गया कि सलीम ने गत्ता काटने वाले ब्लेड से नरगिस की गर्दन पर वार कर दिया। जिस पर वह घर से बाहर शोर मचाती हुई भागी। पड़ोसियों ने उसकी हालत देखकर तुरंत अस्पताल (टीएमयू) में भर्ती कराया। इसके बाद सलीम ने अपनी गर्दन भी उसी ब्लेड से काट कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया व सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने भी मौके का मुआयना कर घटना के बारे में जानकारी की।
