Budaun Crime: बाड़ पर गिरा हाईटेंशन लाइन का तार, मां को बचाने आया युवक...दोनों की मौत
मंगलवार रात कस्बा उसावां क्षेत्र के वार्ड में तीन में हुआ था हादसा
बदायूं, उसावां, अमृत विचार। मंगलवार रात की थाना उसावां के कस्बा में हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर घर के बाहर लोहे की बाड़ पर गिर गया। महिला तार की चपेट में आ गई। उसकी चीख निकल पड़ी। आवाज सुनकर उसका बेटा बचाने के लिए दौड़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौत के बाद चीत्कार मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर ग्रामीणों से बात की।
कस्बा के वार्ड तीन निवासी आसाराम के बेटे रमेश और उमेश ने कुछ दिन पहले कस्बा के बाहरी क्षेत्र में अपने खेत पर नया मकान बनवाया था। 12 दिन पहले ही नए घर में शिफ्ट हुए थे। उनके बेटे उमेश उर्फ नन्हें (35) ने अपने खेत की फसल को छुट्टा घूम रहे पशुओं बचाने के लिए लोहे के तार की बाड़ लगाई थी।
मंगलवार रात वह और उनकी मां राजेंद्री (60) घर के आंगन में अलग-अलग चारपाई पर सोए थे। आधी रात ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर लोहे की बाड़ पर गिर गया था। रात लगभग डेढ़ बजे राजेंद्री किसी काम से उठीं। वह बाड़ की चपेट में आ गई। वह चिल्लाईं और बेसुध होकर जमीन पर गिर गईं।
मां की आवाज सुनकर उमेश उर्फ नन्हें दौड़कर पहुंचे। वह भी करंट की चपेट में आ गए। करंट के चलते मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने लाइनमैन को फोन किया लेकिन नंबर नहीं उठा। जेई ने फोन उठाया तो बिजली सप्लाई बंद कराई गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची।
दोनों के शव उठाए। कुछ देर के बाद एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर जाकर परिजन और ग्रामीणों से हादसे के बाबत जानकारी की। थाना उसावां के थानाध्यक्ष मान बहादुर सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने अभी किसी पर आरोप नहीं लगाए हैं। तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने की जांच कराकर मुआवजा की मांग
आंवला सांसद नीरज मौर्य ने ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर बिजली समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने लिखा कि नगर पंचायत उसावां उनके संसदीय क्षेत्र आंवला के अंतर्गत आती है। जहां मंगलवार रात हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई है। लोगों ने जर्जर तारों को हटाने की कई बार मांग की लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। सांसद ने मामले की जांच कराकर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Suicide: UPSC की तैयारी कर रहे छात्र ने निगला जहरीला पदार्थ...मौत, मृतक बीटेक भी कर चुका
