मुरादाबाद: चाकू मारकर पत्नी के मरने का इंतजार करता रहा बंटी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। घर से निकाले जाने के बाद पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि चाकू मारने के बाद वह काफी देर तक पत्नी के मरने का इंतजार करता रहा। पत्नी तड़पती रही तो उसने फिर चाकू उठाया, लेकिन मारने की हिम्मत नहीं …

मुरादाबाद,अमृत विचार। घर से निकाले जाने के बाद पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि चाकू मारने के बाद वह काफी देर तक पत्नी के मरने का इंतजार करता रहा। पत्नी तड़पती रही तो उसने फिर चाकू उठाया, लेकिन मारने की हिम्मत नहीं हुई। इसके बाद उसने पत्नी को धमकाते हुए कहा कि अगर वह किसी को नहीं बताएगी तो अस्पताल ले चलेगा। दर्द से तड़प रही पत्नी ने जब हामी भर दी तो युवक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को उसने लूट की फर्जी सूचना दे दी।

घटना रविवार की रात सिविल लाइंस क्षेत्र में लोको पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास की है। कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम भदौरा निवासी बंटी ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ बदमाशों ने उसके व उसकी पत्नी के साथ लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर पत्नी गीता को चाकू मार दिया। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो मौके पर नए चाकू का पैकेट मिला। वहीं पति के बयान विरोधाभासी होने पर पुलिस से उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल लिया। खुलासा करते हुए एएसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पत्नी गीता ने करीब बीस दिन पहले उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद बंटी दोस्तों व रिश्तेदारों के घर पर रह रहा था। दशहरे के दिन उसने पत्नी गीता को तीन हजार रुपये देने के बहाने बुलाया। घुमाने की बात कहकर रेलवे ट्रैक के पास ले गया और गीता से वापस घर में रखने की बात कही। इंकार करने पर गुस्से में आकर उसके पेट में चाकू मार दिया। घटना के वक्त बंटी शराब के नशे में था।

आरोपी का चालान कर दिया गया है। वहीं बताया जाता है कि पत्नी को चाकू मारने के बाद वह काफी देर तक उसके मरने का इंतजार करता रहा था, जबकि गीता उसे अस्पताल ले जाने के लिए गिड़गिड़ा रही थी। काफी देर तक जब गीता नहीं मरी तो उसने धमकाते हुए कहा कि अगर पुलिस को सूचना नहीं देगी तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।

एक किलोमीटर तक सिपाही कंधे में उठाकर लाया था घायल महिला को…
मुरादाबाद। लूट का विरोध करने पर महिला को चाकू मारने की सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया। जख्म पर कपड़ा बांधने के बाद एक सिपाही ने गीता को अपने कंधे पर उठाया और करीब एक किलोमीटर तक उसे लेकर आया। आनन-फानन में जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया, हालांकि खून काफी बह जाने के कारण उसे मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां पर गीता की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जिस वक्त बंटी ने पुलिस को फर्जी सूचना दी उस वक्त पीआरवी 0250 को मौके पर भेजा गया। चालक राहुल कुमार चौधरी और हेड कांस्टेबल अनूप सिंह मौके पर पहुंच गए, हालांकि घटना रेलवे ट्रैक के किनारे होने के कारण पुलिस कर्मी गाड़ी सड़क पर खड़ी करके करीब एक किलोमीटर आगे ट्रैक पर पहुंचे। महिला की हालत गंभीर देख आनन-फानन में चालक राहुल कुमार ने कपड़ा बांधकर खून रोकने का प्रयास किया। फिर गीता को अपने कंधे पर उठाकर करीब एक किलोमीटर तक पैदल गाड़ी तक आया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर पूछताछ के दौरान पति बंटी के बयान विरोधाभासी मिले तो उसने संबंधित थाना पुलिस को पूरी जानकारी देते हुए उस पर शक जताया। जिसके बाद पूछताछ में बंटी ने अपना जुर्म कबूल लिया।

संबंधित समाचार