गोंडा: परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई...बिना फिटनेस चल रहे 278 वाहनों का वाहन पंजीयन निरस्त, 37 को नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिवहन विभाग ने रद्द किया 216 स्कूली वाहन और 62 यात्री बसों का पंजीयन 

गोंडा, अमृत विचार। जिले में बिना परमिट सड़कों पर फर्राटा भर रहे अनफिट वाहनों पर परिवहन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की‌। संभागीय परिवहन विभाग ने 278 वाहनों का वाहन पंजीयन निरस्त कर दिया है और सभी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है‌। जिन वाहनों का पंजीकरण रद्द किसा गया है उसमें 216 स्कूली वाहन और 62 यात्री बस शामिल है। इसके अतिरिक्त 37 वाहन मालिकों को नोटिस देकर के एक सप्ताह के भीतर फिटनेस ठीक कराने का निर्देश दिया गया है‌। इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया है। 

जिले के निजी स्कूलों में बच्चों को लाने ले जाने के लिए सैकड़ों स्कूल बसें रोजाना सड़कों पर फर्राटा भरती हैं। इनमें से 716 स्कूल बसों ने परिवहन विभाग में अपना पंजीकरण करा रखा है‌। बताया जा रहा है कि वाहन स्वामियों ने बसों का पंजीकरण  तो करा लिया लेकिन उसका फिटनेस कराना भूल गए। बसें बिना फिटनेस के ही सड़कों पर दौड़ रही थी। बीते दिनों परिवहन विभाग ने इन बसों की जांच करायी थी तो 315 बसों को कागजात अधूरे पाए गए‌ थे। इनकी जांच पड़ताल की जा रही थी। जांच के दौरान 278 बसें बिना फिटनेस की पायी गयीं। इनमें 216 स्कूली वाहन व 62 यात्री बसें शामिल हैं। परिवहन विभाग ने इन सभी बसों का पंजीकरण निरस्त कर दिया है‌। इसके साथ ही 37 वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर फिटनेस ठीक कराने का निर्देश दिया गया है‌।

संभागीय परिवहन विभाग के प्राविधिक निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि 216 स्कूली वाहन और 62 यात्री बसों का वाहन पंजीकरण निरस्त करते हुए वाहन मालिकों को नोटिस पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजा गया है। बिना फिटनेस कराए वाहनों को सड़कों पर चलने को लेकर चेतावनी भी दी गई है। अगर कोई भी वाहन बिना फिटनेस के चलता हुआ पाया गया तो तत्काल विभागीय कार्रवाई की जाएगी। स्कूली वाहनों के मामले में भी स्कूल प्रबंधकों को नोटिस जारी की गई है और फिटनेस करने के निर्देश दिए गए हैं। फिटनेस न होने पर अगर कोई हादसा होता है तो संबंधित वाहन स्वामी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

ये भी पढ़ें- गोंडा: 1.12 लाख रुपये की कीमत के 12 एंड्रायड मोबाइल फोन तलाश कर पीड़ितों को लौटाया, लोगों ने कहा-थैंक्यू

संबंधित समाचार