गोंडा: बहराइच जिले का गैंगस्टर गोंडा में गिरफ्तार, 1.83 लाख की नकदी व लाखों के जेवरात बरामद
शातिर चोर है आरोपी नौरंगीलाल
गोंडा, अमृत विचार। नगर कोतवाली पुलिस ने जिले में हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 1.83 लाख रुपए की नकदी व लाखों रुपए के जेवरात बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी बहराइच जिले का गैंगस्टर अपराधी है और उसके खिलाफ गोंडा व बहराइच में चोरी के कुल 10 मुकदमे दर्ज है।
नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि 9/10 जुलाई की रात को गायत्रीपुरम मैल के रहने वाले शिवनाथ के घर अज्ञात चोर घुस गए थे। और मेन गेट व कमरे का ताला तोड़कर उनका कीमती सामान उठा ले गए थे। 9 जुलाई को ही रानीपुरवा मोहल्ले के अशोक कुमार कनौजिया के घर में भी चोरी की वारदात हुई थी। इसी प्रकार 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात रहे सिपाही यशवन्त सिंह घर चोरों ने धावा बोल दिया था और उनके घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए का कीमती सामान उठा ले गए थे। इन सभी घटनाओं की रिपोर्ट नगर कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। चोरी की इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने नगर कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया था।
इन घटनाओं में बहराइच जिले के कालीपुरवा मौजा गौड़रिया थाना रानीपुर के रहने वाले गैंगस्टर एक्ट के अपराधी नौरंगीलाल का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस नौरंगीलाल की तलाश में जुटी थी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बृहस्पतिवार को रात्रि गस्त के दौरान रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी नौरंगीलाल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से पुलिस ने 1.83 लाख रुपए की नकदी व लाखों रुपए के जेवरात बरामद किए हैं। नौरंगीलाल जिले की सात व बहराइच जिले में हुई चोरी की दो घटनाओं में शामिल रहा है।
एसएचओ ने बताया कि नौरंगीलाल के खिलाफ गोंडा और बहराइच में चोरी के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त वह बहराइच जिले का गैंगस्टर अपराधी भी है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक उदित कुमार वर्मा, रजनीश द्विवेदी, राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज यादव व चन्द्रशेखर और कांस्टेबल गोविन्द कुमार, दीपक कुमार, राहुल पाल व विजय सिंह शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- गोंडा: परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई...बिना फिटनेस चल रहे 278 वाहनों का वाहन पंजीयन निरस्त, 37 को नोटिस
